Stock Market Today 18 September 2025 : भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार के ट्रेडिंग सत्र की शुरुआत तीसरे लगातार सत्र के लिए तेजी के साथ की, क्योंकि घरेलू बाजार में अमेरिकी फेड की ब्याज दर कटौती से सकारात्मक माहौल बना। NSE Nifty 50 ने 90 अंक या 0.36% की बढ़त के साथ 25,420 पर खुला। BSE Sensex ने 350 अंक या 0.42% की बढ़त के साथ 83,040 पर शुरुआत की। इसी तरह, Bank Nifty 214 अंक या 0.39% की बढ़त के साथ 55,707 पर खुला। छोटे और मिडकैप शेयरों ने भी तेजी के साथ ट्रेडिंग शुरू की। Nifty Midcap 119 अंक या 0.20% बढ़कर 58,968 पर खुला।
बुधवार को बीएसई के 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 313.02 अंक यानी 0.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,693.71 अंक पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान, यह 361.26 अंक यानी 0.43 प्रतिशत बढ़कर 82,741.95 अंक पर पहुंच गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी 91.15 अंक यानी 0.36 प्रतिशत चढ़कर 25,330.25 अंक पर रहा।
गौर हो कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने आर्थिक मंदी को रोकने के साथ-साथ महंगाई दर को रोकने के लिए संतुलन बनाते हुए अपनी ब्याज दर में एक चौथाई प्रतिशत (0.25%) की कटौती की। जिससे बेंचमार्क ब्याज दर 4 प्रतिशत से 4.25 प्रतिशत के दायरे में आ गई। फेड चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने दिसंबर में पिछली ब्याज दर कटौती के बाद से ब्याज दर को स्थिर रखा था क्योंकि उन्हें महंगाई दर के फिर से बढ़ने का डर था, लेकिन नौकरियों में धीमी वृद्धि ने उन्हें निराश कर दिया। उन्होंने अब तक ट्रंप द्वारा ब्याज दर में कटौती के बार-बार आह्वान और उन्हें नौकरी से निकालने की धमकियों का विरोध किया था। पॉवेल ने मीडिया से कहा कि आमतौर पर, जब श्रम बाजार कमजोर होता है, तो महंगाई कम होती है। लेकिन अभी, हम कमजोर विकास और उच्च महंगाई दर के दोहरे जोखिम का सामना कर रहे हैं। कोई जोखिम-मुक्त रास्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि यह एक चुनौतीपूर्ण स्थिति है।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
