Softbank Sells FirstCry Shares: जापानी ग्रुप सॉफ्टबैंक (Softbank) ने ओमनी-चैनल रिटेलर फर्स्टक्राई (FirstCry) के 310 मिलियन डॉलर (2578 करोड़ रु) के शेयर बेचे हैं। फर्स्टक्राई इस हफ्ते आईपीओ (IPO) के लिए आवेदन कर सकती है। बता दें कि सॉफ्टबैंक ने दो राउंड में फर्स्टक्राई में हिस्सेदारी बेची है। इनमें 630 करोड़ रुपये के शेयर हाल ही में बेचे गए हैं। सॉफ्टबैंक द्वारा बेची गई फर्स्टक्राई की इस हिस्सेदारी को हाई नेटवर्थ वालों ने खरीदा है। इस बिक्री के आधार पर फर्स्टक्राई की वैल्यू 3.5-3.75 अरब डॉलर (29110 करोड़ रु से 31190 करोड़ रु) के बीच है।
कितने का किया था निवेश
सॉफ्टबैंक ने फर्स्टक्राई में 900 मिलियन डॉलर (7485 करोड़ रु) के एंटरप्राइज वैल्यूएशन पर 400 मिलियन डॉलर (3326 करोड़ रु) का निवेश किया था। टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार सॉफ्टबैंक के पास अभी भी फर्स्टक्राई के 800-900 मिलियन डॉलर (6650-7485 करोड़ रु) के शेयर बचे हैं, जिन्हें वह बाद में बेचेगा।
किसने खरीदे शेयर
ईटी की एक रिपोर्ट के अनुसार सॉफ्टबैंक द्वारा बेचे गए शेयरों को जिन निवेशकों ने खरीदा है, उनमें भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) का फैमिली ऑफिस, एथनिक वियर ब्रांड मान्यवर (Manyavar) के रवि मोदी, इंफोसिस (Infosys) के को-फाउंडर क्रिस गोपालकृष्णन और टीवीएस ग्रुप (TVS Group) फैमिली में शामिल हैं।
इससे पहले, रंजन पई (मणिपाल ग्रुप, हर्ष मारीवाला (मैरिको), इन्वेस्टमेंट ऑफिस शार्प वेंचर्स और हेमेंद्र कोठारी के डीएसपी फैमिली ऑफिस ने फर्स्टक्राई में शेयर खरीदे थे।
कब आ सकता है आईपीओ
रिपोर्ट्स के अनुसार आगामी लोकसभा चुनावों के बाद फर्स्टक्राई अपना आईपीओ ला सकती है। आईपीओ का टार्गेट 500 मिलियन डॉलर (4150 करोड़ रु) जुटाना हो सकता है, जिसमें 37 प्रतिशत हिस्सेदारी नए शेयरों की बिक्री के जरिए जुटाई जाएगी और बाकी शेयर ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) के जरिए बेचे जा सकते हैं।
