Stock Market Closing Bell Nifty Sensex Today : शेयर बाजार में आज मिलाजुला कारोबार देखने को मिला। बेंचमार्क इंडेक्स Sensex, और Nifty के साथ Nifty IT में जोरदार तेजी देखने को मिली। वहीं, दूसरी तरफ ब्रॉड मार्केट में बिकवाली हावी रही। हालांकि, दिन की शुरुआत में डर का मीटर, यानी India Vix जहां तेजी से ऊपर जा रहा था, दिन के आखिर में इसमें करीब 4 फीसदी की कमी आई है, जो बाजार के लिए अच्छा संकेत है।
कैसा रहा सेंसेक्स निफ्टी का कारोबार?
बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स दिन में उछलकर 74,330.29 के स्तर तक पहुंच गया। दिन के आखिर में Sensex 2.11% की तेजी के साथ 1533.72 अंक ऊपर 74,315.61 पर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी 400 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 23,056.40 अंक तक उछल गया। हालांकि, दिन के आखिर में 1.66% की तेजी के साथ 374.65 अंक ऊपर 22,997.35 के स्तर पर सेटल हुआ।
Nifty IT में ताबड़तोड़ तेजी जारी
पिछले करीब एक साल से लगातार पिट रहे आईटी स्टॉक्स के इंडेक्स Nifty IT में पिछले एक सप्ताह से धुआंधार तेजी जारी है। इसकी वजह से 1 सप्ताह में इंडेक्स करीब 11 फीसदी चढ़ गया है। गुरुवार 15 अक्टूबर को भी यह इंडेक्स 1.82% तेजी के साथ 548.80 अंक उछलकर 30,719.80 पर बंंद हुआ। IT के अलावा प्राइवेट बैंक, ऑटो और ऑयल एंड गैस स्टॉक्स में भी तेजी देखने केा मिली, जिसके चलते इन सेक्टर के इंडेक्स में भी उछाल आया है।
मार्केट ब्रेड्थ में बढ़ी कमजोरी
भले ही आज कुछ बड़े इंडेक्स में जोरदार खरीदारी के चलते मार्केट का सेंटिमेंट पॉजिटिव दिख रहा है। लेकिन, बाजार में अंदरूनी कमजोरी और गहरी हो गई है। गुरुवार को NSE पर 3,667 स्टॉक्स में ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,343 में तेजी और 2,218 में बिकवाली हावी रही। इसी तरह BSE में 4,591 स्टॉक्स में ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,716 में खरीदारी और 2,670 में बिकवाली हुई। इस तरह दोनों ही एक्सचेंज पर एडवांस-डिक्वलाइन रेश्यो बेयर्स के फेवर में दिख रहा है।
आईटी स्टॉक्स में क्यों आई तेजी?
भारत के IT Stocks को अब AI Stocks के हेजिंग ऑप्शन के तौर पर देखा जा रहा है। निवेशक अब एआई स्टॉक्स में रिस्क सेंटिमेंट कमजोर होने और एक्स्पोजर घटाने पर भारत के आईटी स्टॉक्स में निवेश कर रहे हैं। बुधवार को अमेरिका के महंगाई डेटा ने एआई स्टॉक्स के लिए चिंता बढ़ा दी है। इसकी वजह से ही एआई हैवी एशियाई इंडेक्स KOSPI और Nikkei भी 5 से 8 फीसदी तक लुढ़क गए। इसके अलावा भारत के आईटी स्टॉक्स में वैल्यू बायिंग भी हो रही है। क्योंकि, ये स्टॉक्स मल्टीपल टाइमफ्रेम पर ओवरसोल्ड हैं।
रुपये और क्रूड का भी सपोर्ट
भारतीय बाजार, खासतौर पर ऑटो और ऑयल एंड गैस स्टॉक्स को रुपये और क्रूड से सपोर्ट मिला है। डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत होकर 94.85 तक पहुंच गया है। वहीं, दूसरी तरफ क्रूड के दाम में 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने केा मिली है, जिससे Brent Crude Oil का दाम 103.47 तक लुढ़क गया है। रुपये की मजबूती और क्रूड की नरमी की वजह से इम्पोर्ट हैवी स्टॉक्स में बायिंग देखने को मिली है।
