Share Market Sensex Nifty Today : भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को शुरुआती कारोबार में दबाव देखने को मिल रहा है। Nifty करीब 0.43% गिरकर 24,367.50 पर आ गया है। वहीं, Sensex 320.37 अंक टूटकर 77,833.88 पर कारोबार कर रहा है। बाजार सबसे बड़ा दबाव कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और वैश्विक बाजारों से मिले मिले-जुले संकेतों का है। बुधवार को ब्रेंट क्रूड करीब 0.89% चढ़कर 89.70 डॉलर प्रति बैरल और क्रूड ऑयल 0.91% बढ़कर 83.96 डॉलर पर पहुंच गया।
निफ्टी के ज्यादातर सेक्टर लाल
बाजार की कमजोरी सिर्फ बड़े इंडेक्स तक सीमित नहीं है। निफ्टी आईटी 0.74%, एफएमसीजी 0.81%, रियल्टी 1.07%, हेल्थकेयर 0.81% और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.95% नीचे कारोबार कर रहे थे। हालांकि, मेटल और पीएसयू बैंक शेयरों में खरीदारी दिख रही है। निफ्टी मेटल 0.50% और निफ्टी पीएसयू बैंक 1.81% ऊपर था। निफ्टी बैंक भी करीब 0.30% की बढ़त में था।
ग्लोबल बाजार से मिले-जुले संकेत
एशियाई बाजारों में भी तस्वीर एक जैसी नहीं है। निक्केई 225 करीब 0.64% ऊपर था, जबकि हैंग सेंग 1.15% नीचे कारोबार कर रहा था। ताइवान वेटेड इंडेक्स 0.59% और कोस्पी 4.23% की तेजी में था। अमेरिकी बाजारों में भी दबाव रहा। एसएंडपी 500 करीब 0.32% और नैस्डैक 0.60% नीचे थे, जबकि डॉव जोंस फ्यूचर्स लगभग सपाट था। तेल की कीमतें 90 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने से बाजार की चिंता बढ़ी है।
निवेशकों की नजर अब इन संकेतों पर
बाजार में आगे भी उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। कच्चे तेल की कीमत, वैश्विक बाजारों की दिशा और आने वाले महंगाई आंकड़े निवेशकों के लिए अहम संकेत होंगे।
फिलहाल निफ्टी के लिए 24,400 के आसपास का स्तर अहम नजर आ रहा है। सुबह के कारोबार में इंडेक्स इस स्तर के नीचे फिसल चुका था, जबकि सेंसेक्स भी 78,000 के स्तर से नीचे बना हुआ था।कुल मिलाकर, बाजार में फिलहाल कच्चे तेल में तेजी सबसे बड़ी चिंता है, जबकि मेटल और पीएसयू बैंक शेयरों की मजबूती गिरावट को कुछ हद तक थामने की कोशिश कर रही है।
