Stock Market Today : ग्लोबल शेयर मार्केट्स में शुक्रवार को भगदड़ मची है। गुरुवार को अमेरिका से शुरू हुआ बिकवाली का ट्रेंड एशियाई बाजारों में तक आते-आते सुनामी में बदल गया जापान से लेकर दक्षिण कोरिया तक तबाही मचा दी है।
जापान का Nikkei 225 करीब 4.85% टूट गया, दक्षिण कोरिया का Kospi 5.23% और ताइवान का बाजार 5.72% लुढ़क गया। हांगकांग का Hang Seng भी करीब 1.85% गिर गया। ग्लोबल बाजारों में मची इस उथल-पुथल का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखा। शुक्रवार को Nifty और Sensex बड़ी गिरावट के साथ खुले, हालांकि शुरुआती झटके के बाद दोनों बेंचमार्क ने रिकवरी कर ली।
अब सवाल यह है कि जब दुनिया के बड़े बाजारों में इतनी बड़ी बिकवाली हो रही है तो क्या भारतीय शेयर बाजार भी इसी रास्ते पर जा सकता है? फिलहाल घरेलू बाजार के शुरुआती आंकड़े किसी बड़ी क्रैश की पुष्टि नहीं करते, लेकिन बाजार के भीतर कमजोरी और निवेशकों की बढ़ती बेचैनी को नजरअंदाज भी नहीं किया जा सकता।
खुलते ही फिसले, फिर संभले Nifty-Sensex
शुक्रवार को Nifty गुरुवार के क्लोजिंग लेवल 25,514.30 के मुकाबले करीब 146 अंक नीचे 25,368 पर खुला और शुरुआती कारोबार में यह 25,345.20 तक फिसल गया। वहीं, Sensex भी 83,021.75 के क्लाेजिंग लेवल के मुकाबले करीब 463 अंक नीचे 82,558.25 पर खुला। हालांकि, दोनों इंडेक्स ने रिकवरी कर ली। Nifty करीब 25,533 पर और Sensex 83,059 के आसपास कारोबार कर रहे हैं। यानी ग्लोबल बाजारों में भारी गिरावट के बावजूद भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स फिलहाल मामूली बढ़त के साथ टिके हुए थे।
आखिर क्यों टूट रहे हैं दुनिया के बाजार?
ग्लोबल बाजारों में बिकवाली का दबाव असल में AI Stocks में बिकवाली, US Bond Yields और 3 दिसंबर को होने वाली US FED की मीटिंग की वजह से है। गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में भी कमजोरी रही। Nasdaq 2.25% और S&P 500 करीब 2.02% टूट गया। इसका असर शुक्रवार को एशियाई बाजारों में ज्यादा दिखाई दिया। Nikkei में करीब 2,884 अंकों की गिरावट रही। ताइवान और दक्षिण कोरिया के बाजार भी 5% से ज्यादा टूट गए। जब दुनिया के बड़े बाजारों में निवेशक जोखिम लेने से बचते हैं तो उसका असर भारतीय बाजारों पर भी पड़ सकता है।
भारत में भी दिख रही है अंदरूनी कमजोरी
भले ही Nifty और Sensex ने शुरुआती गिरावट से उबरने की कोशिश की, लेकिन बाजार का पूरा हाल इतना मजबूत नहीं था। NSE पर 1,954 शेयर गिरावट में थे, जबकि सिर्फ 1,141 शेयर बढ़त में कारोबार कर रहे थे।
सेक्टरों की बात करें तो Nifty Metal करीब 1.90%, Consumer Durables 0.98%, PSU Bank 0.76% और Oil & Gas इंडेक्स 0.83% नीचे थे। दूसरी तरफ IT इंडेक्स में करीब 2.02% की तेजी रही। प्राइवेट बैंक, रियल्टी और हेल्थकेयर शेयरों ने भी बाजार को सहारा दिया।
क्या भारत में भी बाजार क्रैश होगा?
बाजार में बढ़ती अस्थिरता का एक संकेत India VIX से भी मिल रहा है। सुबह करीब 10 बजे यह 4.45% उछलकर 16.83 पर पहुंच गया। VIX में तेजी बताती है कि निवेशक आने वाले सत्रों में ज्यादा उतार-चढ़ाव को लेकर सतर्क हैं।
फिलहाल Nifty और Sensex का शुरुआती गिरावट से उबरना बताता है कि घरेलू खरीदारी पूरी तरह गायब नहीं हुई है। हालांकि, बाजार में गिरने वाले शेयरों की संख्या ज्यादा होना बताता है कि कमजोरी कई शेयरों में फैली हुई है।
