बिजनेस

मिनिमम PF Balance की लिमिट घटने से कर्मचारियों को क्या होगा फायदा? समझिए अपने काम की बात

अगर आप एक नौकरीपेशा व्यक्ति हैं तो अब आपको पीएफ के पैसे के लिए रिटायरमेंट तक रुकने की जरूरत नहीं होगी। रिटायरमेंट से पहले पैसों की अचानक जरूरत पर आप अपनी सेविंग्स के एक बड़े हिस्से का इस्तेमाल कर पाएंगे।

Image

मिनिमम पीएफ बैलेंस घटने से कर्मचारियों को क्या होगा फायदा? (AI Generated Image)

अगर आप नौकरीपेशा व्यक्ति हैं और आपका भी पीएफ (PF) कटता है तो अब आपको अपनी सेविंग्स पर पहले से ज्यादा फ्लेक्सिबिलिटी मिलेगी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) ने PF खाते में न्यूनतम बैलेंस की सीमा को 25 फीसदी से घटाकर 10 फीसदी करने के प्रस्ताव को हरी झंडी दिखा दी है। इसका मतलब है कि बदलाव लागू होने पर नौकरीपेशा लोग जरूरत पड़ने पर अपने पीएफ फंड का एक बड़ा हिस्सा निकाल सकेंगे। हालांकि, इसका मतलब यह भी नहीं कि वे बिना शर्त कभी भी 90 प्रतिशत रकम निकाल पाएंगे।

PF कर्मचारियों की रिटायरमेंट बचत के लिए बनाया गया है। इसमें कर्मचारी और नियोक्ता, दोनों योगदान करते हैं और जमा रकम पर ब्याज मिलता है। अभी तक आंशिक निकासी के बाद पात्र PF बैलेंस का कम से कम 25 फीसदी हिस्सा खाते में रखना जरूरी था। यानी शर्तों के आधार पर अधिकतम 75 फीसदी तक रकम निकाली जा सकती थी।

10% बैलेंस रखने का क्या होगा फायदा?

CBT की मंजूरी के साथ न्यूनतम बैलेंस की सीमा 10 फीसदी करने का प्रस्ताव है। बदलाव लागू होने पर PF राशि का 90 फीसदी तक हिस्सा निकासी के लिए उपलब्ध हो सकता है। यानी मेडिकल जरूरत, बच्चों की पढ़ाई, शादी या घर से जुड़े खर्चों के लिए कर्मचारियों को अधिक रकम मिल सकेगी। हालांकि, निकासी का उद्देश्य और पात्रता की अन्य शर्तें लागू रहेंगी।

10 लाख रुपये के PF बैलेंस पर समझें गणित

मान लीजिए किसी कर्मचारी के पात्र PF खाते में 10 लाख रुपये हैं। 25 फीसदी नियम के तहत उसे अभी तक 2.5 लाख रुपये खाते में रखने होते थे और वह अधिकतम 7.5 लाख रुपये तक निकाल सकता था। लेकिन अब 10 फीसदी नियम में 1 लाख रुपये बनाए रखने होंगे और बाकि 9 लाख रुपये तक निकाले जा सकते हैं।

नया नियम कब से लागू होगा?

यह प्रस्ताव 19 नवंबर 2026 को CBT की बैठक में मंजूर हुआ है, लेकिन इसे तत्काल लागू मानना सही नहीं होगा। इसके लिए EPF स्कीम में जरूरी संशोधन और आधिकारिक नोटिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होनी है। नए निर्देशों के लिए EPFO की ऑफिशियल वेबसाइट चेक कर सकते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article