बिजनेस

Stock Market Today: रिलायंस, एयरटेल में बिकवाली से सेंसेक्स टूटा, निफ्टी में भी गिरावट

  • Edited by: Rohit Ojha
  • Updated Sep 5, 2024, 06:13 PM IST

Stock Market Today: वैश्विक बाजारों में नकारात्मक रुख के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय एयरटेल और एलएंडटी में गिरावट से बाजार नीचे आया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में भी कारोबार की शुरुआत सकारात्मक रही। इसके बावजूद यह 53.60 अंक यानी 0.21 फीसदी की गिरावट के साथ 25,145.10 अंक पर बंद हुआ।

Image

शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट

Photo : iStock

Stock Market Today: शेयर मार्केट में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स शुरुआती लाभ को गंवाते हुए 151 अंक के नुकसान में रहा। वैश्विक बाजारों में नकारात्मक रुख के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय एयरटेल और एलएंडटी में गिरावट से बाजार नीचे आया। 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 151.48 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82,201.16 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 222.2 अंक तक नीचे आ गया था।

सुस्त रही मार्केट की चाल

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में भी कारोबार की शुरुआत सकारात्मक रही। इसके बावजूद यह 53.60 अंक यानी 0.21 फीसदी की गिरावट के साथ 25,145.10 अंक पर बंद हुआ। मेहता इक्विटीज लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) पारसनाथ तापसे ने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज में मुनाफावसूली के बीच बाजार में उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार का समापन हुआ। वैश्विक स्तर पर ज्यादातर शेयर बाजारों में रुख सुस्त से मिला-जुला रहा। निवेशकों को शुक्रवार को जारी होने वाले प्रमुख अमेरिकी आंकड़े की प्रतीक्षा है। इससे फेडरल रिजर्व के इस महीने मौद्रिक नीति घोषणा में नीतिगत दर में कटौती के रुख को लेकर संकेत मिलने की उम्मीद है।

इन शेयरों में गिरावट

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। इसके अलावा टाटा मोटर्स, नेस्ले, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, जेएसडब्ल्यू स्टील और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी नीचे आए। इसके उलट लाभ में रहने वाले शेयरों में टाइटन, आईटीसी, इन्फोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा स्टील और भारतीय स्टेट बैंक शामिल हैं।

स्मॉलकैप इंडेक्स

छोटी कंपनियों के शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाला बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स 0.56 प्रतिशत चढ़ा जबकि मझोली कंपनियों से जुड़ा इंडेक्स 0.27 प्रतिशत मजबूत हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के खुदरा शोध प्रमुख दीपक जसानी ने कहा कि वैश्विक शेयर बाजारों में रुख हल्का रहा। कारोबारियों को अमेरिका में जारी होने वाले आंकड़े की प्रतीक्षा है। इससे वहां की अर्थव्यवस्था और फेडरल रिजर्व के ब्याज दर पर रुख को लेकर स्थिति कुछ साफ होने की उम्मीद है।

फेडरल रिजर्व के रुख का इंतजार

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि अमेरिका तथा चीनी अर्थव्यवस्था में नरमी को लेकर चिंता से मानक सूचकांकों में हल्की गिरावट रही। बाजार को अब फेडरल रिजर्व के रुख का इंतजार है। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 975.46 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। सेंसेक्स बुधवार को 202.80 अंक नुकसान में रहा था जबकि निफ्टी में 81.15 अंक की गिरावट आई थी।

Rohit Ojha
Rohit Ojhaauthor

<p>रोहित ओझा Timesnowhindi.com में बतौर सीनियर कॉरस्पॉडेंट सितंबर 2023 से काम कर रहे हैं। यहां पर वो बिजेनस और यूटिलिटी की खबरों पर काम करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में पांच साल से अधिक का अनुभव। चुनावी खबरों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर फिलहाल स्टॉक मार्केट, इकोनॉमी और पर्सनल फाइनेंस की खबरों के साथ जारी है। डेस्क और फील्ड दोनों में ही काम करने का तजुर्बा। टाइम्स नाऊ नवभारत से पहले अलग-अलग मीडिया संस्थानों में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। अमर उजाला, टीवी9 हिंदी, इंडिया टीवी, आज तक जैसे मीडिया संस्थान में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। स्टॉक मार्केट और इकोनॉमी के साथ-साथ देश की सियासी घटनाओं पर लिखने का अनुभव है। 2019 के आम चुनाव से लेकर तमाम विधानसभा की चुनावी खबरों पर काम किया है। 2019 का क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल की खबरों पर भी काम किया है। किस्से-कहानियों में मन लगता है। शारदा यूनिवर्सिटी से मास-कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म किया है। गृह जनपद- बक्सर। साहित्य, सियासत और सिनेमा पर लिखना-पढ़ना खूब पसंद है।</p>

और पढ़ें
End of Article