Kanpur News: उत्तर प्रदेश में इन दिनों मानसूनी बादल काफी मेहरबान हैं। औद्योगिक नगर कानपुर में भी जमकर बारिश हो रही है। तेज बारिश के बीच कानपुर में सड़क पर बड़ा गड्ढा (सिंकहोल) बनने का मामला सामने आया है। सड़क के बीचों-बीच बने इस बड़े गड्ढे को लेकर कांग्रेस ने इसे शहर के बीच में वाटरफॉल बताते हुए राज्य की भाजपा सरकार पर तंज कसा है।
दरअसल शहर के जाजमऊ इलाके में सरिया चौराहे के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। इससे सड़क के बीच करीब 18 फीट गहरा और 10 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया। गड्ढे में जब सड़क पर जमा पानी गिर रहा था तो यह किसी झरने से प्रतीत हो रहा था। पानी भरने के बाद वहां का नजारा किसी छोटी झील जैसा दिखाई देने लगा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हालात को देखते हुए कानपुर पुलिस ने मौके पर बैरिकेडिंग कर मार्ग को बंद कर दिया है। बताया गया है कि यह सड़क जाजमऊ से सर्किट हाउस की ओर जाने वाले मार्ग का हिस्सा है। सड़क धंसने के कारण इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क के बीच इतना बड़ा गड्ढा बना चर्चा का विषय
बारिश के दौरान सड़क के बीच बने गहरे इस बड़े गड्ढे में लगातार पानी भरता रहा। स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो बनाया, जिसमें सड़क के बीच बड़े हिस्से में पानी जमा दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद घटना चर्चा में आ गई।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
घटना को लेकर कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तंज कसा है। कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल से सड़क के बीच बने गड्ढे को लेकर कटाक्ष करते हुए इसे 'वाटरफॉल' बताया गया और सरकार पर निशाना साधा गया है। हालांकि, सड़क धंसने की घटना के पीछे वास्तविक तकनीकी कारण क्या है, इसकी जानकारी संबंधित विभाग की जांच के बाद ही सामने आएगी।
कांग्रेस ने राज्य सरकार पर कटाक्ष करते हुए इसे जापानी टेक्नोलॉजी से बनाया गया वाटरफॉल करार दिया है। इसके साथ ही कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया पर प्रश्न पूछा, आपको भाजपा सरकार का ये शानदार काम कैसा लगा? फिलहाल पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से प्रभावित हिस्से को घेर दिया है। सड़क की मरम्मत और यातायात बहाल करने के लिए संबंधित विभाग की कार्रवाई का इंतजार है।
