एजुकेशन

France में पढ़ने के लिए क्या हैं भाषा को लेकर नियम? जाने से पहले करें तैयारी

वर्ल्ड क्लास एजुकेशन के लिए और बेहतरीन करियर ऑप्शन के लिए हर साल हजारों भारतीय छात्र France जाकर हायर एजुकेशन प्राप्त करना चाहते हैं। ऐसे में छात्रों के मन में भाषा को लेकर कई सवाल होते हैं तो आइए आज उससे संबंधित नियमों के बारे में जानें।

Image

France में पढ़ने के लिए क्या हैं भाषा को लेकर नियम (Photo - AI)

Language Requirements for Studying in France: अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और बेहतरीन एजुकेशन सिस्टम के लिए जाना जाने वाला फ्रांस दुनिया भर के अंतरराष्ट्रीय छात्रों को हायर एजुकेशन के लिए अपनी ओर आकर्षित करता है। पेरिस से लेकर ल्योन जैसे शहरों में स्थित प्रसिद्ध विश्वविद्यालय बेहतरीन कोर्स के साथ छात्रों को वैश्विक अवसर भी प्रदान करते हैं। हर साल हजारों भारतीय फ्रांस से हायर एजुकेशन प्राप्त करने का सपना देखते हैं। हालांकि, फ्रांस में पढ़ाई का सपना देख रहे छात्रों के मन में भाषा को लेकर कई तरह की आशंकाएं और सवाल होते हैं—जैसे क्या फ्रांस में पढ़ने के लिए फ्रेंच बोलना अनिवार्य है, या फिर अंग्रेजी में भी पढ़ाई की जा सकती है? बता दें कि France के विश्वविद्यालयों में एडमिशन और वीजा के लिए भाषा से जुड़े कुछ विशेष नियम लागू होते हैं, जिनके बारे में आपको जानना जरूरी है।

कोर्स के मीडियम के अनुसार भाषा के नियम

फ्रांस के विश्वविद्यालयों में पढ़ाई करने के लिए भाषा की आवश्यकता इस बात पर निर्भर करती है कि आपका चुना हुआ कोर्स किस भाषा में पढ़ाया जा रहा है। जी हां, यहां कई कोर्स छात्रों को पूरी तरह से अंग्रेजी में पढ़ाए जाते हैं तो वहीं कई कोर्स केवल फ्रेंच भाषा में उपलब्ध है।

अंग्रेजी में पढ़ाए जाने वाले प्रोग्राम

फ्रांस के कई विश्वविद्यालय और बिजनेस स्कूल (विशेषकर मास्टर, एमबीए और मैनेजमेंट कोर्स) पूरी तरह से अंग्रेजी माध्यम में आयोजित किए जाते हैं। ऐसे प्रोग्राम्स में एडमिशन के लिए फ्रेंच भाषा की अनिवार्यता नहीं होती। हालांकि, उम्मीदवारों को अपनी अंग्रेजी दक्षता साबित करने के लिए IELTS (न्यूनतम 6.0 से 6.5 बैंड) या TOEFL (iBT 80-90) का वैध स्कोर कार्ड जमा करना होता है।

फ्रेंच में पढ़ाए जाने वाले प्रोग्राम

यदि आप किसी ऐसे कोर्स का चयन करते हैं जो फ्रेंच माध्यम में है जैसे कला, साहित्य, मानविकी या पारंपरिक ग्रेजुएशन कोर्स, तो आपको आधिकारिक फ्रेंच भाषा परीक्षा पास करनी होगी। इसके लिए DELF (Diplôme d'Études en Langue Française) या DALF (Diplôme Approfondi de Langue Française) की आवश्यकता होती है। आपको बता दें कि अधिकांश बैचलर और मास्टर कोर्सेस के लिए B2 लेवल या C1 लेवल की दक्षता अनिवार्य मानी जाती है।

एडमिशन और कैंपस फ्रांस के नियम

फ्रांस में उच्च शिक्षा में दाखिले के लिए कैंपस फ्रांस प्रक्रिया से गुजरना होता है, जहां भाषा से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन किया जाता है।

एप्लीकेशन डोजियरआवेदन के समय छात्र को यह स्पष्ट करना होता है कि वह किस भाषा के माध्यम से पढ़ाई करेगा और उससे संबंधित टेस्ट स्कोर या सर्टिफिकेट देना होता है।
अकादमिक इंटरव्यूकैंपस फ्रांस के इंटरव्यू के दौरान अधिकारी आपकी भाषा दक्षता और आपके कोर्स की मांग के बीच सामंजस्य की समीक्षा करते हैं। यदि आपका कोर्स अंग्रेजी में है, तो इंटरव्यू अंग्रेजी में आयोजित होता है और अगर कोर्स फ्रेंच में है तो फ्रेंच भाषा में इंटरव्यू का आयोजन किया जाता है।

फ्रेंच सीखना होगा जरूरी

भले ही आपका कोर्स पूरी तरह से अंग्रेजी में हो, लेकिन फ्रांस में रहने के दौरान छात्रों को दैनिक जीवन में कार्य करने के लिए फ्रेंच सीखना अनिवार्य है। फ्रांस में प्रशासनिक कार्यों, किराना खरीदारी, बैंकिंग सेवाओं और यात्रा के दौरान फ्रेंच भाषा का प्राथमिक उपयोग होता है। स्थानीय लोगों से घुलने-मिलने के लिए बेसिक फ्रेंच (A1 या A2 स्तर) जानना बहुत उपयोगी होता है।

पार्ट-टाइम जॉब के लिए फ्रेंच जरूरी

अगर आप पार्ट-टाइम जॉब करने के बारे में सोच रहे हैं तो फ्रांसीसी कानून के अनुसार अंतरराष्ट्रीय छात्र प्रति वर्ष 964 घंटे (लगभग 20 घंटे प्रति सप्ताह) पार्ट-टाइम काम कर सकते हैं और इस दौरान भी आपको फ्रेंच भाषा की आवश्यकता पड़ेगी।

फ्रांस जाने से पहले कैसे करें तैयारी?

फ्रांस पढ़ाई के लिए जाने की तैयारी कर रहे भारतीय छात्र देश में रहते हुए 'एलायंस फ्रांसेज़' (Alliance Française) या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म (जैसे Duolingo, Coursera) के माध्यम से A1/A2 स्तर की बेसिक फ्रेंच सीखें। दैनिक जीवन में उपयोग में आने वाले शब्द, अभिवादन और आपातकालीन वाक्यांशों का अभ्यास करें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article