देश

UP Election: 'उठ जाग मुसाफिर भोर भई, चवन्नी के चक्कर में 36 बिरादरी...' खुद को अखिलेश का शुभचिंतक बताकर क्या बोल गए ओपी राजभर?

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के ‘चवन्नी’ वाले बयान पर सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने तीखा पलटवार किया है। राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव को ‘जगने’ और ‘आंखें खोलने’ की सलाह देते हुए सहारनपुर जाने की चुनौती दी। उन्होंने PDA की राजनीति, गैर-यादव OBC और 2017 के चुनाव को लेकर भी अखिलेश पर निशाना साधा।

Image

ओपी राजभर ने 'चवन्नी' विवाद को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा। PTI

Photo : PTI

UP Election: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में सियासी माहौल गरमाता जा रहा है। हाल ही में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव द्वारा दिए गए 'चवन्नी' वाले बयान पर राजनीतिक टिप्पणी भी हो रही है। इसी बीच एसबीएसपी के चीफ ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अखिलेश को निशाने पर लेते हुए लिखा कि उन्हें अब 'जगने' और 'आंखें खोलने' की जरूरत है।

राजभर ने अपने पोस्ट की शुरुआत एक भजन की पंक्ति “उठ जाग मुसाफिर भोर भई, 'अब रैन कहां जो तू सोवत है' से की और इसे अखिलेश यादव के लिए बताया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव को अब जाग जाना चाहिए।

‘हिम्मत नहीं हो रही सहारनपुर जाने की?’

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव से सवाल किया कि क्या उन्हें सहारनपुर जाने और वहां जनसभा को संबोधित करने में हिम्मत नहीं हो रही है। उन्होंने दावा किया कि चवन्नी के चक्कर में 36 बिरादरी आपके खिलाफ खड़ी हो गई।

राजभर ने अखिलेश यादव और उनके समर्थकों पर जातियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने सवाल किया कि अलग-अलग जातियों के लिए कथित तौर पर अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने से आखिर क्या हासिल होता है।

‘क्या यही आपका पीडीए है?’

सुभासपा प्रमुख ने अखिलेश यादव की पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) राजनीति पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि गैर-यादव ओबीसी जातियों को कथित तौर पर अपमानित किया जा रहा है। राजभर ने सवाल किया, “क्या यही आपका पीडीए है?” साथ ही उन्होंने कहा कि गैर-यादव ओबीसी जातियों को बेइज्जत करने से किसी को क्या हासिल होता है, यह अखिलेश यादव ही जानते हैं।

‘लठैतों का दौर 2017 में चला गया’

अपने पोस्ट में ओम प्रकाश राजभर ने 2017 के विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अगर वह अब भी इसी घमंड में हैं कि “लाठी से सरकार बना लेंगे”, तो उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि लठैतों का दौर 2017 में ही चला गया। राजभर ने दावा किया कि यह दौर अब वापस नहीं आने वाला। उन्होंने लिखा कि ऐसा न 2027 में होगा और न ही “अगली पैदाइश” में।

दादरी की सभा को लेकर भी साधा निशाना

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव की दादरी की सभा को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने इसे “फ्लॉप सभा” बताते हुए दावा किया कि उसके बाद अखिलेश यादव दूसरी सभा करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। राजभर ने आगे दावा किया कि “चवन्नी” ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में असर दिखाना शुरू कर दिया है और आने वाले समय में पूर्वांचल समेत पूरे उत्तर प्रदेश में भी इसका असर दिखाई देगा।

खुद को बताया अखिलेश यादव का शुभचिंतक

पोस्ट के आखिर में ओम प्रकाश राजभर ने खुद को अखिलेश यादव का “शुभचिंतक” बताते हुए कहा कि वह इसी वजह से उन्हें सलाह दे रहे हैं। उन्होंने पोस्ट का समापन “जय भारत, जय श्रीराम, जय श्री कृष्ण, जय परशुराम, जय महाराज सुहेलदेव, जय सुभासपा” के नारों के साथ किया। हाल ही में अखिलेश यादव ने आरएलडी प्रमुख व केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि हमने उन्हें 'चवन्नी से जिसे रुपया बना दिया, वे भी छोड़कर चले गए।' अखिलेश यादव के इस बयान पर सियासत गरमा चुकी है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article