Gold Price Explained : सोने की कीमतों में आई गिरावट ने दुनिया भर के निवेशकों को चौंका दिया है। जनवरी 2026 में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में करीब 26 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है। लेकिन भारत में सोने की कीमतों में गिरावट का असर इतना ज्यादा नहीं दिखा। यहां जनवरी के उच्चतम स्तर से सोना करीब 22 प्रतिशत ही सस्ता हुआ है। यानी दुनिया के मुकाबले भारतीय निवेशकों को सोने की कीमतों में कम गिरावट का सामना करना पड़ा है। अब सवाल उठता है कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें इतनी तेजी से नीचे आईं, तो भारत में इसका असर कम क्यों दिखाई दिया? क्या इसके पीछे रुपये की कमजोरी है या सरकार की ओर से बढ़ाई गई इंपोर्ट ड्यूटी का भी इसमें योगदान है? दरअसल, इन दोनों कारणों ने भारत में सोने की कीमतों को बड़ी गिरावट से बचाने में अहम भूमिका निभाई है। आइए समझते हैं कि दुनिया और भारत में सोने की कीमतों में गिरावट का अंतर क्यों है और इसके पीछे कौन-कौन से कारण काम कर रहे हैं।
जनवरी के रिकॉर्ड स्तर से कितना सस्ता हुआ सोना?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में 11 नवंबर 2026 तक 26.46 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। यह गिरावट 29 जनवरी 2026 को बने रिकॉर्ड उच्च स्तर के मुकाबले है। यानी जनवरी के आखिर में जिस कीमत पर सोना कारोबार कर रहा था, वहां से 11 नवंबर तक इसकी कीमत काफी नीचे आ गई। वहीं, भारत में रुपये के हिसाब से सोने की कीमतों में इसी अवधि के दौरान करीब 21.81 प्रतिशत की गिरावट आई। इसका मतलब है कि भारत में सोने के दाम अंतरराष्ट्रीय बाजार की तुलना में कम गिरे। अगर आसान उदाहरण से समझें, तो मान लीजिए कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत जनवरी के दौरान 1000 रुपये के बराबर थी। अक्टूबर तक इसमें करीब 26 प्रतिशत की गिरावट आई और इसकी कीमत घटकर 740 रुपये रह गई। वहीं, भारत में अगर सोने की कीमत 1000 रुपये थी, तो करीब 22 प्रतिशत गिरावट के बाद यह 780 रुपये रह गई। इस उदाहरण से साफ है कि दुनिया के मुकाबले भारत में सोने की कीमतों में गिरावट कम रही। गौर हो कि मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट सोने का वायदा भाव 29 जनवरी 2026 को 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम था, आज यानी 11 नवंबर 2026 को 1,41,335 रुपये प्रति 10 ग्राम है। जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में 5,523.53 रुपये प्रति औंस था, जो अब 4,061.50 डॉलर प्रति औंस है। कीमतों में गिरावट के पीछे मुख्य रूप से दो वजहें हैं। पहली, भारतीय रुपये का डॉलर के मुकाबले कमजोर होना और दूसरी, सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी का बढ़ना।
पहली वजह: डॉलर के मुकाबले कमजोर हुआ भारतीय रुपया
भारत अपनी सोने की जरुरत का बड़ा हिस्सा दूसरे देशों से आयात करता है। यानी देश में इस्तेमाल होने वाला काफी सोना विदेशों से खरीदा जाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत आमतौर पर अमेरिकी डॉलर में तय होती है। ऐसे में भारत को सोना खरीदने के लिए डॉलर में भुगतान करना पड़ता है। अब यहां रुपये और डॉलर की कीमत का गणित समझना जरूरी है। जब रुपया डॉलर के मुकाबले कमजोर होता है, तो भारत के लिए विदेश से सोना खरीदना महंगा हो जाता है। भले ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत कम हो रही हो, लेकिन डॉलर महंगा होने के कारण भारतीय आयातकों को सोना खरीदने के लिए पहले से ज्यादा रुपये खर्च करने पड़ते हैं। हाल के दिनों में भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले करीब 89 रुपये से कमजोर होकर 96 रुपये के स्तर तक पहुंच गया था। यानी पहले एक डॉलर खरीदने के लिए जहां करीब 89 रुपये खर्च करने पड़ते थे, वहीं इसके लिए करीब 96 रुपये देने पड़े। लेकिन आज बुधवार 11 नवंबर को रुपये के वैल्यू में सुधार हुआ है, आज की तारीख में डॉलर के मुकाबले मजबूत होकर 93.61 रुपये प्रति डॉलर हो गया है। इसका सीधा असर सोने की घरेलू कीमतों पर पड़ता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना सस्ता होने से भारत में भी कीमतों में गिरावट आनी चाहिए थी, लेकिन रुपये की कमजोरी ने इस गिरावट के असर को कम कर दिया था। सोने की अंतरराष्ट्रीय कीमत में कोई बदलाव नहीं होने पर भी सिर्फ रुपये की कमजोरी के कारण इसकी खरीद महंगी हो सकती है। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में तेज गिरावट के बावजूद भारत में इसका असर सीमित रहा।
दूसरी वजह: सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने से महंगा हुआ आयात
भारत में सोने की कीमतों को सहारा देने वाली दूसरी बड़ी वजह इंपोर्ट ड्यूटी में बढ़ोतरी रही। इंपोर्ट ड्यूटी यानी आयात शुल्क वह टैक्स है, जो विदेश से भारत में सामान मंगाने पर देना पड़ता है। जब सरकार किसी सामान पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाती है, तो उसे विदेश से खरीदकर भारत लाना महंगा हो जाता है। मार्च 2026 में सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशथ कर दी गई। इस बढ़ोतरी का सीधा असर सोने की आयात लागत पर पड़ा। दरअसल, जब कोई आयातक विदेश से सोना खरीदता है, तो उसे केवल सोने की कीमत ही नहीं चुकानी पड़ती। इसके अलावा आयात शुल्क और अन्य लागू खर्च भी देने होते हैं। इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने से सोने को भारत लाने की कुल लागत बढ़ जाती है। इसका मतलब यह हुआ कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत घटने के बाद भी भारत में सोने के दाम उतनी तेजी से नीचे नहीं आए, जितनी तेजी से वैश्विक बाजार में गिरावट हुई।
उदाहरण के लिए, अगर किसी आयातक को विदेश से 1 लाख रुपये का सोना खरीदना है, तो 6 प्रतिशत इंपोर्ट ड्यूटी के हिसाब से उसे 6,000 रुपये शुल्क देना होगा। लेकिन 15 प्रतिशत ड्यूटी होने पर यह रकम बढ़कर 15,000 रुपये हो जाएगी। यानी सिर्फ ड्यूटी बढ़ने से ही सोने की लागत में बड़ा अंतर आ सकता है। यह उदाहरण केवल इंपोर्ट ड्यूटी के असर को समझाने के लिए है, इसमें अन्य खर्च शामिल नहीं हैं। इस तरह रुपये की कमजोरी और इंपोर्ट ड्यूटी में बढ़ोतरी ने मिलकर भारत में सोने की कीमतों को अंतरराष्ट्रीय बाजार के मुकाबले ज्यादा गिरने से रोका।
विदेश में सोना धड़ाम, भारत में कीमतें मजबूत! डॉलर और इंपोर्ट ड्यूटी ने कैसे बदला पूरा गणित?
आखिर दुनिया में सोने की कीमतों में इतनी बड़ी गिरावट क्यों आई?
अब यह समझना भी जरूरी है कि जनवरी के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में इतनी बड़ी गिरावट क्यों आई। Axis Mutual Fund की रिपोर्ट के मुताबिक इसके पीछे कई आर्थिक और वैश्विक कारण रहे। इनमें निवेशकों की मुनाफावसूली, उधार लेकर किए गए निवेश में कमी, भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिकी ब्याज दरों से जुड़ी उम्मीदें शामिल हैं।
निवेशकों ने जमकर की मुनाफावसूली
जब किसी निवेश की कीमत बहुत तेजी से बढ़ जाती है, तो निवेशक अक्सर अपना मुनाफा निकालने के लिए उसे बेचना शुरू कर देते हैं। इसे मुनाफावसूली या प्रॉफिट बुकिंग कहा जाता है। जनवरी में सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई थीं। इसके बाद कई निवेशकों ने ऊंचे भाव पर सोना बेचकर मुनाफा कमाना शुरू कर दिया। जब बड़ी संख्या में निवेशक एक साथ सोना बेचते हैं, तो बाजार में इसकी उपलब्धता बढ़ जाती है और कीमतों पर दबाव आने लगता है। इसके अलावा, कुछ निवेशकों ने उधार लेकर भी सोने में निवेश किया था। जब कीमतें गिरने लगीं, तो उनके लिए अपनी पोजीशन बनाए रखना मुश्किल हो गया। ऐसे में उन्हें अपना निवेश बेचने के लिए मजबूर होना पड़ा। इससे बाजार में बिकवाली और तेज हो गई।
स्टॉप लॉस और मार्जिन कॉल ने बढ़ाई बिकवाली
सोने की कीमतों में गिरावट के दौरान स्टॉप लॉस और मार्जिन कॉल जैसे कारणों ने भी बिकवाली को बढ़ाया। स्टॉप लॉस एक ऐसी व्यवस्था है, जिसमें निवेशक पहले से एक कीमत तय कर देता है। अगर बाजार में कीमत उस स्तर से नीचे चली जाती है, तो उसका निवेश अपने आप बेच दिया जाता है। इसका मकसद बड़े नुकसान से बचना होता है। वहीं, मार्जिन कॉल तब आती है, जब उधार लेकर निवेश करने वाले व्यक्ति के निवेश की कीमत गिर जाती है और उसे अपने खाते में अतिरिक्त पैसा जमा करना पड़ता है। अगर वह ऐसा नहीं कर पाता, तो उसे अपना निवेश बेचना पड़ सकता है। जब सोने की कीमतें तेजी से गिरने लगीं, तो ऐसे कई निवेशकों को अपनी पोजीशन बंद करनी पड़ी। इससे बाजार में सोने की बिकवाली और बढ़ गई।
अमेरिका-ईरान संघर्ष ने भी बढ़ाया दबाव
सोने की कीमतों में गिरावट के पीछे भू-राजनीतिक घटनाक्रमों का भी योगदान रहा। खासतौर पर अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष ने वैश्विक बाजारों को प्रभावित किया। इस संघर्ष के कारण तेल की आपूर्ति में रुकावट और खाड़ी क्षेत्र में आर्थिक दबाव बढ़ने की आशंका पैदा हुई। तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से कई देशों और कंपनियों पर खर्च का दबाव बढ़ा। इससे निवेश के लिए उपलब्ध अतिरिक्त धन भी प्रभावित हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते वित्तीय दबाव के कारण सोने में निवेश के लिए उपलब्ध अतिरिक्त रकम कम हुई। कुछ निवेशकों को अपनी वित्तीय जरूरतें पूरी करने के लिए पहले से खरीदा हुआ सोना भी बेचना पड़ सकता है। इससे सोने की कीमतों पर और दबाव आया।
महंगे तेल और ब्याज दरों की चिंता ने कमजोर किया सोना
सोने की कीमतों में गिरावट की एक और बड़ी वजह महंगे कच्चे तेल से जुड़ी महंगाई की चिंता रही। जब कच्चे तेल की कीमतें बढ़ती हैं, तो पेट्रोल, डीजल, परिवहन और उत्पादन की लागत भी बढ़ सकती है। इससे आम सामान और सेवाओं की कीमतों में बढ़ोतरी होने का खतरा रहता है। ऐसी स्थिति में अमेरिकी फेडरल रिजर्व सहित दुनिया के बड़े केंद्रीय बैंक ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचा बनाए रख सकते हैं। जब ब्याज दरें ऊंची रहती हैं, तो निवेशकों को बैंक जमा और सरकारी बॉन्ड जैसे विकल्पों से बेहतर रिटर्न मिलने की उम्मीद होती है। सोने की खास बात यह है कि इससे नियमित ब्याज या डिविडेंड नहीं मिलता। इसलिए जब ब्याज देने वाले निवेश विकल्प ज्यादा आकर्षक हो जाते हैं, तो कुछ निवेशक सोने से पैसा निकालकर उन विकल्पों में निवेश करने लगते हैं। इसके अलावा, अमेरिका में ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रहने की आशंका से वहां के सरकारी बॉन्ड पर मिलने वाला रिटर्न यानी ट्रेजरी यील्ड भी बढ़ा। साथ ही डॉलर को मजबूती मिली। डॉलर और बॉन्ड यील्ड में तेजी आने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की मांग पर दबाव पड़ा और इसकी कीमतें नीचे आ गईं।
क्या भारत में सोने की कीमतें आगे भी कम गिरेंगी?
भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों का अंतर यह बताता है कि घरेलू बाजार में केवल वैश्विक कीमतों के आधार पर सोने के भाव तय नहीं होते। रुपये और डॉलर की विनिमय दर, इंपोर्ट ड्यूटी और आयात की लागत भी इसमें अहम भूमिका निभाते हैं। अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें आगे भी गिरती हैं, लेकिन रुपया कमजोर बना रहता है, तो भारत में सोने की कीमतों में गिरावट का असर सीमित रह सकता है। इसी तरह इंपोर्ट ड्यूटी ऊंची रहने से भी घरेलू कीमतों को सहारा मिल सकता है। हालांकि, अगर रुपया डॉलर के मुकाबले मजबूत होता है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें भी नीचे आती हैं, तो भारत में सोना ज्यादा सस्ता हो सकता है। इसके उलट, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें बढ़ने और रुपया कमजोर होने पर घरेलू बाजार में सोना तेजी से महंगा भी हो सकता है।
कुल मिलाकर, जनवरी 2026 के रिकॉर्ड स्तर से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 26.46 प्रतिशत टूटा, जबकि भारत में इसकी कीमतों में करीब 21.81 प्रतिशत की गिरावट आई। रुपये की कमजोरी और इंपोर्ट ड्यूटी में बढ़ोतरी ने भारतीय बाजार में सोने की कीमतों को सहारा दिया। वहीं, मुनाफावसूली, अमेरिकी ब्याज दरों की चिंता, मजबूत डॉलर और वैश्विक आर्थिक तनाव ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की चमक फीकी कर दी।
