शहर

Kal Ka Mausam: नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस लाएगा पहाड़ों में ठिठुरन वाली ठंड, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना, बिहार से दक्षिण भारत तक बदलेगा मौसम

Kal Ka Mausam: पश्चिमी विक्षोभ के कारण कश्मीर में भारी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनेगा, दक्षिण भारत में भी बारिश हो सकती है।

Image

एक नया पश्चिमी विक्षोभ बदलेगा मौसम का मिजाज

Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 13 नवंबर तक बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। जम्मू-कश्मीर में 12 नवंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश या बर्फबारी के साथ ओले गिरने की भी संभावना है। इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो आगे चलकर डिप्रेशन में बदल सकता है।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस सिस्टम के कारण देश के पूर्वी, पूर्वोत्तर और दक्षिणी हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। हालांकि, पश्चिमी और मध्य भारत में अगले एक सप्ताह के दौरान किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी का दौर देखने को मिलेगा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में गुरुवार 12 और 13 नवंबर को व्यापक बारिश होने का अनुमान है। 12 नवंबर को कश्मीर घाटी में कहीं-कहीं भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसी दिन ओलावृष्टि की भी आशंका है।

इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। हिमाचल प्रदेश में 11 से 14 नवंबर तक कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। 12 और 13 नवंबर को यहां गरज-चमक भी हो सकती है। उत्तराखंड में 12 से 14 नवंबर के बीच हल्की से छिटपुट बारिश का अनुमान है। पंजाब में 12 और 13 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।

बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर में भी बारिश का अनुमान

पूर्वी भारत में 11 नवंबर को झारखंड, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 11 और 12 नवंबर को बारिश की संभावना है। बिहार में 11 नवंबर को गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 11-12 नवंबर तथा 15-17 नवंबर के दौरान बारिश हो सकती है। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 11-12 नवंबर और 17 नवंबर को बारिश का अनुमान है। असम-मेघालय में 11 नवंबर को भारी बारिश और ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई है।

दक्षिण भारत में 15 नवंबर को बढ़ेगी बारिश

दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 11 से 14 नवंबर तथा 16-17 नवंबर के दौरान बारिश हो सकती है। 15 नवंबर को इन क्षेत्रों में व्यापक बारिश का अनुमान है। केरल और माहे में 11 से 15 नवंबर तक बारिश की संभावना है, जबकि 16 और 17 नवंबर को यहां व्यापक बारिश हो सकती है।

लक्षद्वीप में 11 से 17 नवंबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 14 से 17 नवंबर के बीच बारिश का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी में बनेगा कम दबाव का क्षेत्र

मौसम विभाग के मुताबिक, 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इसके 14 नवंबर तक और स्पष्ट होकर वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया बनने तथा 15 नवंबर को इसी क्षेत्र में डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसका आगे का रुख और प्रभाव आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति को प्रभावित कर सकता है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article