SBI FD Returns 2026: देश का सबसे बड़ा पब्लिक सेक्टर बैंक SBI अपने ग्राहकों को फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर आकर्षक ब्याज दरों की सुविधा दे रहा है। खास बात यह है कि बैंक वरिष्ठ नागरिकों को सामान्य ग्राहकों की तुलना में ज्यादा ब्याज देता है, जिससे उन्हें मैच्योरिटी पर अतिरिक्त फायदा मिलता है। ऐसे में अगर आप सुरक्षित निवेश की तलाश में हैं तो SBI की एफडी स्कीम एक अच्छा विकल्प साबित हो सकती है। लंबी अवधि का निवेश नहीं करना चाहते हैं तो आप 2 साल से कुछ अधिक की अवधि वाली एफडी (FD)में निवेश कर सकते हैं।
2 साल के बाद कितने रुपये मिलेंगे

SBI FD (Photo: iStock)
बैंक की मौजूदा ब्याज दरों के अनुसार, 2 साल से अधिक समय की एफडी पर सामान्य नागरिकों को 6.40 प्रतिशत की दर से ब्याज मिल रहा है। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों के लिए यही ब्याज दर 6.90 प्रतिशत रखी गई है। यानी सीनियर सिटिजन्स को सामान्य ग्राहकों के मुकाबले 0.50 प्रतिशत ज्यादा ब्याज का फायदा मिल रहा है। यह अतिरिक्त ब्याज लंबे समय में अच्छी रकम में बदल जाता है।
अगर कोई ग्राहक SBI में 5 लाख रुपये की एफडी करवाता है, तो सामान्य नागरिकों को मैच्योरिटी पर करीब 67,701 रुपये का ब्याज मिलेगा। इस हिसाब से मैच्योरिटी अमाउंट बढ़कर 5,67,701 रुपये हो जाएगा। दूसरी तरफ, वरिष्ठ नागरिकों को इसी निवेश पर लगभग 73,313 रुपये का ब्याज मिलेगा और कुल मैच्योरिटी अमाउंट 5,73,313 रुपये तक पहुंच जाएगा।
इस तरह देखा जाए तो वरिष्ठ नागरिकों को सामान्य ग्राहकों के मुकाबले 5,612 रुपये का अतिरिक्त फायदा मिलता है। यही वजह है कि रिटायरमेंट के बाद नियमित और सुरक्षित आय चाहने वाले लोगों के बीच एफडी काफी लोकप्रिय निवेश विकल्प बना हुआ है। बैंक एफडी में निवेश करने पर बाजार के उतार-चढ़ाव का जोखिम भी नहीं रहता, जिससे निवेशकों को मानसिक संतुष्टि मिलती है।
FD में क्यों करें निवेश
एफडी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें निवेश की गई रकम सुरक्षित रहती है और पहले से तय ब्याज दर के अनुसार रिटर्न मिलता है। यही कारण है कि कई लोग शेयर बाजार या जोखिम वाले निवेश विकल्पों की बजाय बैंक एफडी को प्राथमिकता देते हैं। खासकर वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह निवेश नियमित आय और पूंजी सुरक्षा दोनों का संतुलन प्रदान करता है।
SBI की एफडी स्कीम क्यों चुनें
SBI देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक है इसलिए ग्राहकों का भरोसा भी इस पर ज्यादा रहता है। बैंक अलग-अलग अवधि की एफडी योजनाएं उपलब्ध कराता है, ताकि ग्राहक अपनी जरूरत और वित्तीय लक्ष्य के अनुसार निवेश चुन सकें। इसके अलावा, ऑनलाइन बैंकिंग और YONO ऐप के जरिए घर बैठे एफडी खोलने की सुविधा भी उपलब्ध है।
हालांकि, निवेश करने से पहले ग्राहकों को ब्याज दर, लॉक-इन अवधि और टैक्स नियमों की जानकारी जरूर लेनी चाहिए। बैंक समय-समय पर ब्याज दरों में बदलाव भी करते रहते हैं, इसलिए नई दरों की पुष्टि करना जरूरी है।
