भारत की अर्थव्यवस्था की रफ्तार को लेकर अच्छी खबर है। अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी मूडीज (Moody's) ने चालू वित्त वर्ष के लिए देश की आर्थिक वृद्धि दर यानी GDP ग्रोथ का अनुमान बढ़ा दिया है। पहले एजेंसी ने भारत की विकास दर 6.5 प्रतिशत रहने की संभावना जताई थी, जिसे अब बढ़ाकर 7 प्रतिशत कर दिया गया है। मूडीज के मुताबिक, घरेलू मांग में मजबूती, निवेश में सुधार और ऊर्जा आपूर्ति से जुड़े झटकों को झेलने की भारत की क्षमता ने अर्थव्यवस्था के प्रति भरोसा बढ़ाया है।
घरेलू खपत और निवेश से मिलेगी अर्थव्यवस्था को रफ्तार
मूडीज रेटिंग्स ने अपनी 'ग्लोबल मैक्रो आउटलुक 2027-28' रिपोर्ट में कहा है कि भारत की आर्थिक गतिविधियां लगातार मजबूत हो रही हैं। घरेलू खपत में बढ़ोतरी और निवेश की बेहतर होती स्थिति से देश की अर्थव्यवस्था को सहारा मिल रहा है। एजेंसी का मानना है कि मजबूत आर्थिक बुनियाद के दम पर भारत मध्यम अवधि में करीब 7 प्रतिशत की विकास दर बनाए रख सकता है।
निजी निवेश बढ़ने से खुलेंगे रोजगार के रास्ते
रेटिंग एजेंसी के मुताबिक, भारत में निजी कंपनियों का निवेश लगातार बढ़ता है तो इसका फायदा विनिर्माण, रोजगार और उत्पादकता को मिल सकता है। इससे आर्थिक विकास की रफ्तार मौजूदा अनुमान से भी ज्यादा हो सकती है।
मूडीज ने कहा कि पूंजीगत वस्तुओं के उत्पादन और आयात में मजबूती, उद्योगों को मिलने वाले कर्ज में बढ़ोतरी और फैक्ट्रियों की उत्पादन क्षमता का ज्यादा इस्तेमाल होने जैसे संकेत बता रहे हैं कि देश में निजी निवेश का नया दौर शुरू हो सकता है। कई वर्षों तक कंपनियों और बैंकों की वित्तीय स्थिति सुधारने के बाद अब निवेश में तेजी की संभावनाएं बढ़ी हैं।
महंगाई और मानसून बन सकते हैं चुनौती
हालांकि, मूडीज ने भारत की अर्थव्यवस्था के सामने कुछ जोखिम भी बताए हैं। एजेंसी के मुताबिक, महंगाई का दबाव बढ़ने से घरेलू खपत प्रभावित हो सकती है। खुदरा महंगाई दर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के 2 से 6 प्रतिशत के निर्धारित दायरे के ऊपरी स्तर के करीब है।
इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम मानसून की कमी और अल नीनो की मजबूत होती परिस्थितियां कृषि उत्पादन को प्रभावित कर सकती हैं। इसका असर ग्रामीण मांग पर भी पड़ सकता है। एजेंसी ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर RBI महंगाई पर काबू पाने के लिए ब्याज दरें बढ़ाता है तो निजी निवेश में सुधार की रफ्तार धीमी हो सकती है।
ऊर्जा संकट से निपटने में भारत ने दिखाई मजबूती
मूडीज ने माना कि कच्चे तेल और गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद भारत ने ऊर्जा आपूर्ति से जुड़े झटकों का सामना उम्मीद से बेहतर तरीके से किया है। भारत ने कच्चे तेल और गैस के आयात के स्रोतों में विविधता बढ़ाई है। इसके अलावा सरकारी तेल कंपनियों और टैक्स में कटौती के जरिए उपभोक्ताओं को अचानक बढ़ती कीमतों से राहत देने में मदद मिली है।
एजेंसी के मुताबिक, भारत में दुनिया का सबसे बड़ा एकीकृत तेल रिफाइनिंग परिसर मौजूद है। देश की बड़ी और आधुनिक रिफाइनिंग क्षमता ने ईंधन की आपूर्ति में रुकावटों को सीमित रखने के साथ भारत को पेट्रोलियम उत्पादों का प्रमुख निर्यातक बनाए रखने में मदद की है।
GST कलेक्शन और वाहन बिक्री में भी मजबूती
मूडीज ने भारत की आर्थिक गतिविधियों में तेजी के संकेत के तौर पर मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर के परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (PMI) में विस्तार का भी जिक्र किया है। इसके अलावा GST राजस्व, वाहन बिक्री और वस्तुओं के निर्यात में सालाना आधार पर दो अंकों की वृद्धि देखने को मिली है। एजेंसी के मुताबिक, ये संकेत बताते हैं कि भारतीय अर्थव्यवस्था के कई प्रमुख क्षेत्र अच्छी रफ्तार से आगे बढ़ रहे हैं।
