क्रिकेट

आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में अफगानिस्तान के रहमत शाह ने रचा इतिहास, टॉप-10 में भारत के दो बल्लेबाज

आईसीसी द्वारा जारी ताजा टेस्ट रैंकिंग में अफगानिस्तान के टेस्ट कप्तान रहमत शाह ने इतिहास रच दिया है। वो टेस्ट क्रिकेट की किसी भी श्रेणी में टॉप-10 में शामिल होने वाले पहले अफगानी खिलाड़ी बन गए हैं।

Image

रहमत शाह (फोटो क्रेडिट ACB Media X)

दुबई: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की नवीनतम टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में विकेटकीपर ऋषभ पंत और कप्तान शुभमन गिल शीर्ष 10 में शामिल भारतीय बल्लेबाज हैं। पंत (713 रेटिंग अंक) आठवें और गिल (697) दसवें नंबर पर हैं। ये दोनों नवीनतम सूची में एक पायदान नीचे खिसके हैं। एक अन्य भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 13वें स्थान पर हैं। टेस्ट बल्लेबाजों की सूची में पहले दो स्थान पर इंग्लैंड के हैरी ब्रूक और जो रूट हैं। उनके बाद ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड, दक्षिण अफ्रीका के तेम्बा बावुमा और स्टीव स्मिथ का नंबर आता है।

आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में टॉप-10 में जगह बनाने वाले पहले अफगानी

इस बीच अफगानिस्तान के कप्तान रहमत शाह आईसीसी टेस्ट खिलाड़ियों की रैंकिंग की किसी भी श्रेणी में शीर्ष 10 में जगह बनाने वाले अपने देश के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। रहमत ने शारजाह में अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच में 173 रन की शानदार पारी खेली थी जिससे वह टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में छह स्थान ऊपर सातवें स्थान पर पहुंच गए जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। यह रहमत के करियर का पांचवां टेस्ट शतक था जिसके दम पर यह 33 वर्षीय खिलाड़ी गिल, दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज एडन मारक्रम और श्रीलंका के कामिंदु मेंडिस से ऊपर पहुंच गए हैं।

गेंदबाजों में बुमराह हैं पांचवें स्थान पर

आईसीसी टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पांचवें स्थान पर बने हुए हैं। गेंदबाजी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क शीर्ष पर हैं।दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसन, न्यूजीलैंड के मैट हेनरी और इंग्लैंड के ओली रॉबिन्सन शीर्ष पांच गेंदबाजों में शामिल हैं। टेस्ट ऑलराउंडर की रैंकिंग में यानसन के बाद भारत के रविंद्र जडेजा दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। वाशिंगटन सुंदर शीर्ष 10 में शामिल अन्य भारतीय खिलाड़ी हैं। वह सातवें स्थान पर हैं।

भारतीय खिलाड़ियों को वनडे में भी हुआ फायदा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही श्रृंखला के पहले दो मैचों के बाद वनडे रैंकिंग में भी बदलाव देखने को मिला है। स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर अक्षर पटेल वनडे गेंदबाजों की सूची में 23 पायदान ऊपर 21वें स्थान पर जबकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह 11 पायदान ऊपर 31वें स्थान पर पहुंच गए हैं। एक अन्य भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ लंबी छलांग लगाकर 48वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वह इससे पहले शीर्ष 100 में शामिल नहीं थे।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article