बिहार सरकार अपनी बिजली कंपनी Bihar State Power Transmission Company Limited को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने की तैयारी कर रही है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। बिहार के बिजली सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि हम BSPTCL को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने की योजना बना रहे हैं और मर्चेंट बैंकर की नियुक्ति के लिए रुचि पत्र (ईओआई) जारी किया है। बिहार राज्य बिजली पारेषण कंपनी लिमिटेड (BSPTCL) सूचीबद्ध होने वाली पहली सरकारी कंपनी होगी है। इसे नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर सूचीबद्ध कराने का प्रस्ताव है।
सिंह ने कहा कि इस निर्गम का आकार मर्चेंट बैंकर की नियुक्ति के बाद तय किया जाएगा। एक बार जब वे शामिल हो जाएंगे, तो वे हमें आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) प्रक्रिया के माध्यम से मार्गदर्शन करेंगे और यह आकलन करेंगे कि बाजार से कितनी पूंजी जुटाई जा सकती है। सिंह ने कहा कि लिस्टेड एक लाभकारी कारोबार के लिए उपयुक्त कदम है। हमारी बिजनी कंपनी लगातार मुनाफा कमा रही है।
आईपीओ से जुटाई गई राशि का उपयोग बिहार के पारेषण ढांचे को मजबूत करने के लिए किया जाएगा ताकि भविष्य की बिजली मांग को पूरा किया जा सके। बीएसपीटीसीएल ने नेटवर्क क्षमता बढ़ाने, राज्य के भीतर पारेषण गलियारे में सुधार करने और बढ़ती बिजली मांग को संभालने के लिए 16,194 करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी विस्तार योजना की रूपरेखा तैयार की है।
बिहार में लगातार बढ़ रही है बिजली की मांग
इस योजना में सबस्टेशन और हाई-वोल्टेज पारेषण लाइन का उन्नयन करना भी शामिल है ताकि नुकसान को कम किया जा सके, ग्रिड की विश्वसनीयता में सुधार हो और नई उत्पादन क्षमता, जिनमें नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत शामिल हैं, के एकीकरण को समर्थन मिल सके। सिंह के अनुसार, बिहार ने पिछले साल लगभग 8,800 मेगावाट की अधिकतम बिजली मांग दर्ज की थी, जो इस वर्ष लगभग 9,500 मेगावाट तक बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने बताया 2030 तक अधिकतम बिजली की मांग 13,000 मेगावाट के आंकड़े को पार कर सकती है, जिसमें वाणिज्यिक और औद्योगिक प्रतिष्ठानों की वृद्धि शामिल है।
डिस्कॉम को भी कराएंगे बाजार में लिस्ट
सिंह ने भले ही बीएसपीटीसीएल की सूचीबद्धता के लिए समयसीमा का जिक्र नहीं किया, लेकिन उन्होंने संकेत दिया कि सरकार अपनी बिजली वितरण कंपनियों - उत्तर बिहार बिजली वितरण कंपनी लि. (एनबीपीडीसीएल) और दक्षिण बिहार बिजली वितरण कंपनी लि. (एसबीपीडीसीएल) को भी सूचीबद्ध करने पर भी विचार कर सकती है। उन्होंने कहा कि हम पारेषण कंपनी के साथ शुरुआत करेंगे। एक बार राजस्व स्थिर होने के बाद हम अगले दो साल में डिस्कॉम की सूचीबद्धता के बारे में भी सोचेंगे।
