Knack Packaging IPO Subscription Open : सुबह की चाय के लिए डिब्बे से निकाली जाने वाली चीनी हो, दोपहर के प्रीमियम बासमती चावल हों, या फिर आपके पालतू जानवरों (Pets) का पसंदीदा फूड पैकेट... क्या आपने कभी सोचा है कि आपके घर तक सुरक्षित पहुंचने वाले इन तमाम सामानों का असली 'बोझ' कौन उठाता है? पर्दे के पीछे रहकर यह काम नैक पैकेजिंग लिमिटेड (Knack Packaging Ltd - KPL) करती है।
क्यों निवेशकों के लिए बेहतरीन मौका?
फिलहाल, यह कंपनी भारतीय बाजार में लिस्टिंग के लिए IPO लेकर आई है। एक रिटेल निवेशक सिर्फ ₹14,960 के न्यूनतम निवेश के जरिये कंपनी के शेयर होल्डर बन सकते हैं। IPO से फायदे के एक संकेत के तौर पर देखा जाने वाला ग्रे मार्केट प्रीमियम भी बता रहा है कि निवेशक इस इश्यू को लेकर उत्साहित हैं। क्योंकि, इसका जीएमपी अभी से करीब 19% के लिस्टिंग गेन का संकेत दे रहा है।
बड़े-बड़े दिग्गज ग्राहक
नैक पैकेजिंग आम उपभोक्ताओं के बीच भले ही लोकप्रिय नाम नहीं है। लेकिन, FMCG और कॉर्पोरेट जगत के सबसे बड़े दिग्गजों के लिए यह रीढ़ की हड्डी की तरह काम करती है। कंपनी का बिजनेस B2B2C मॉडल पर चलता है। इसके घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्लाइंट्स की लिस्ट ही इसकी साख बयां करती है।
घरेलू बाजार में कंपनी बाबा एग्रो फूड, ड्रूल्स पेट फूड (Drools), ईब्रो इंडिया, लक्ष्मी प्रोटीन, मोज़ेक इंडिया, केआरबीएल लिमिटेड (KRBL - इंडिया गेट चावल) और डीसीएम श्रीराम जैसी बड़ी कंपनियों को पैकेजिंग सॉल्यूशन देती है। वहीं, ग्लोबल बिजनेस के लिहाज से देखें, तो कंपनी 71 देशों में फैले नेटवर्क के साथ क्रिस्टो S.A. (Cristo S.A.) और कारगिल (Cargill) जैसी MNC दिग्गजों को पैकेजिंग सॉल्यूशन सप्लाई करती है।
टाइमलाइन और निवेश का पूरा गणित
Knack Packaging IPO Timeline : आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 1 जुलाई, 2026 से 3 जुलाई, 2026 तक खुला है। इसके लिए प्राइस बैंड ₹161 से ₹170 प्रति शेयर तय किया गया है। कंपनी इश्यू के जरिये कुल ₹439.50 करोड़ जुटा रही है। इसमें से फ्रेश इश्यू से ₹380 करोड़ और OFS से ₹59.50 करोड़ जुटाने की योजना है। शेयर अलॉटमेंट 6 जुलाई और लिस्टिंग 8 जुलाई, 2026 को हो सकती है।
इनोवेशन कंपनी की ताकत
Knack Packaging सिर्फ बोरे या प्लास्टिक बैग बनाने वाली साधारण कंपनी नहीं है। नैक पैकेजिंग भारत और पूरे एशिया की पहली ऐसी कंपनी है, जिसने अपने प्रीमियम बैग्स (PLWPP Pinch Bottom Bags) में 'लेजर कट' और 'इजी-ओपन' (बिना कैंची के आसानी से खुलने वाला) फीचर ईजाद किया है। इसी इनोवेशन के दम पर भारत के फ्लेक्सिबल बल्क बैग मार्केट में अकेले इस कंपनी की 10.1% की भारी हिस्सेदारी (FY25 तक) है।
लॉयल हैं ग्राहक
किसी भी बिजनेस की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि उसके पुराने ग्राहक उसके साथ टिके हैं या नहीं। कंपनी का कस्टमर रिटेंशन रेशियो वित्तीय वर्ष 2024 में 67.27% था, जो वित्तीय वर्ष 2026 में छलांग लगाकर 88.32% पर पहुंच गया है। यानी इसके कॉर्पोरेट क्लाइंट्स लगातार इसे बड़े ऑर्डर दे रहे हैं।
US-लैटिन अमेरिका में विस्तार
कंपनी की तिजोरी में आने वाले हर ₹100 में से ₹56.30 सिर्फ विदेशों (एक्सपोर्ट) से आते हैं। अपने इस ग्लोबल दबदबे को और बड़ा करने के लिए कंपनी ने SACOS के साथ मिलकर Sayem Knack नाम से एक मेगा जॉइंट वेंचर बनाया है। इस यूएस-लैटिन अमेरिका प्लांट में 6 अप्रैल, 2026 से इसका कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू हो चुका है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : Advit Jewels IPO : 37% प्रीमियम पर लिस्टिंग, फिर लोअर सर्किट; धमाकेदार एंट्री के बाद क्यों हुआ फुस्स?
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
