बिजनेस

Salesforce Layoffs : 12 साल तक जिसे माना Dream Job, 12वीं एनिवर्सरी पर कंपनी ने दिखाया बाहर का रास्ता

सेल्सफोर्स में फिर से छंटनी हो रही है। हालांकि, कंपनी ने फिलहाल इसका कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं दिया है। लेकिन, कंपनी की एक 12 साल पुरानी एम्प्लोयी का पोस्ट छंटनी का दर्द दिखा रहा है।

Image

सेल्सफोर्स की कर्मचारी ने बयां किया दर्द

Salesforce Layoffs : अमेरिकी क्लाउड सॉफ्टवेयर कंपनी सेल्सफोर्स (Salesforce) में एक बार फिर छंटनी की खबर सामने आई है। इस बार कंपनी की एक सीनियर मैनेजर एमिली एम (Emily M) की लिंक्डइन (LinkedIn) पोस्ट चर्चा में है। उन्होंने बताया कि उन्हें और उनकी टीम के कई दूसरे सदस्यों को नौकरी से हटाए जाने की सूचना दी गई है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि कंपनी में उनका आखिरी वर्किंग डे उसी दिन होगा, जिस दिन वह Salesforce में अपनी 12वीं वर्क एनिवर्सरी मनाने वाली थीं।

'Dream Job' का दर्द LinkedIn पर बयां किया

सेल्सफोर्स में IT कंप्लयांस और कंटेंट स्ट्रैटेजी की सीनियर मैनेजर एमिली ने लिंक्डइन पर अपनी आपबीती साझा की। उन्होंने लिखा कि सोमवार सुबह उन्हें और उनकी टीम के कई साथियों को बताया गया कि कंपनी में एक और छंटनी के तहत उनकी भूमिकाएं खत्म कर दी गई हैं।

एमिली ने सेल्सफोर्स में अपने सफर को याद करते हुए कंपनी को अपना 'Dream Job' बताया। उनके मुताबिक, यहां काम करने का अनुभव हमेशा उनके लिए खास रहेगा। उन्होंने लिखा कि इस दौरान जिन लोगों के साथ काम करने और अलग-अलग टीमों का नेतृत्व करने का मौका मिला, उन्होंने उनकी जिंदगी और करियर पर गहरा असर डाला है।

लेकिन इस पोस्ट का सबसे भावुक हिस्सा उनकी नौकरी का आखिरी दिन है। एमिली ने बताया कि उनका अंतिम कार्यदिवस कंपनी में उनकी 12वीं वर्क एनिवर्सरी के दिन ही होगा। यानी जिस दिन उन्हें सेल्सफोर्स में अपने 12 साल पूरे होने का जश्न मनाना था, उसी दिन उन्हें इस कंपनी को अलविदा कहना होगा।

इस साल कई बार चली छंटनी की तलवार

सेल्सफोर्स में यह इस साल कर्मचारियों की छंटनी का पहला मामला नहीं है। बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने एक बार फिर कर्मचारियों की संख्या घटाने की प्रक्रिया शुरू की है। कंपनी के इंटरनल Slack चैनल पर कर्मचारियों ने इस सप्ताह हुई छंटनी को लेकर चर्चा की है। कुछ कर्मचारियों ने अपने सहकर्मियों और मैनेजर की नौकरी जाने की जानकारी भी साझा की है।

हालांकि, कंपनी ने इस ताजा छंटनी में कितने कर्मचारियों की नौकरी गई है, इसका खुलासा नहीं किया है। रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट नहीं है कि किन विभागों और देशों में कितने पद प्रभावित हुए हैं। इस साल 7 अगस्त को कैलिफोर्निया में सेल्सफोर्स ने सेल्स, जनरल एडमिनिस्ट्रेशन और टेक्नोलॉजी व प्रोडक्ट टीमों के 86 पद खत्म किए थे। वॉशिंगटन और अमेरिका के बाहर भी कर्मचारियों की संख्या घटाई गई थी।

AI पर बढ़ता खर्च और सॉफ्टवेयर कंपनियों की चिंता

सेल्सफोर्स छंटनी ऐसे समय हो रही है, जब दुनियाभर की पारंपरिक सॉफ्टवेयर कंपनियों पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के संभावित असर को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने इसी सप्ताह कर्मचारियों के लिए AI टूल्स पर खर्च की सीमा तय करने की दिशा में कदम उठाया है। इस बीच कंपनी के CEO मार्क बेनिऑफ (Marc Benioff) ने सॉफ्टवेयर-एज-ए-सर्विस (SaaS) इंडस्ट्री के खत्म होने की आशंकाओं को खारिज किया है। हालांकि, निवेशकों की चिंता का असर कंपनी के शेयरों पर भी दिखा और मंगलवार को Salesforce Share Price 9% गिर गई।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article