Naresh Goyal:मनी लांड्रिंग मामले में आरोपी एवं जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल कैंसर की बीमारी से ग्रसित हैं। इस बात का हवाला उन्होंने कोर्ट में अपनी जमानत याचिका के दौरान दिया है। याचिका के अनुसार निजी डॉक्टरों द्वारा की गई जांच के दौरान घातक बीमारी का पता चला है। इसलिए ईलाज के लिए उन्हें अंतरिम जमानत दी जाय। बृहस्पतिवार को उन्होंने एक विशेष अदालत के समक्ष याचिका दायर कर ‘धीमी गति से बढ़ते कैंसर’ के उपचार के लिए अंतरिम जमानत देने का अनुरोध किया। इस बीमारी का खुलासा निजी डॉक्टरों द्वारा किए गए परीक्षणों के दौरान हुआ। हालांकि उन्हें तुरंत अंतरिम जमानत नहीं मिल सकी और मंगलवार 20 फरवरी तक इंतजार करना होगा.
कोर्ट ने क्या कहा
अदालत ने गोयल की चिकित्सा रिपोर्ट की जांच के लिए एक मेडिकल बोर्ड गठित करने का प्रारंभिक आदेश पारित किया क्योंकि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उनकी अंतरिम जमानत याचिका पर जवाब देने के लिए समय मांगा। पिछले महीने, धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत विशेष न्यायाधीश एम जी देशपांडे ने गोयल को निजी डॉक्टरों द्वारा चिकित्सा परीक्षण कराने की अनुमति दी थी।अंतरिम जमानत की याचिका में जेट एयरवेज के संस्थापक गोयल ने कहा कि निजी डॉक्टरों द्वारा की गई जांच के दौरान घातक बीमारी का पता चला।
क्या है मामला
ईडी ने सीबीआई द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में एक सितंबर को नरेश गोयल को गिरफ्तार किया था. सीबीआई ने ये मामला केनरा बैंक की शिकायत के बाद दायर किया था जिसमें 7,000 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के लिए नरेश गोयल पर आरोप लगे थे। पिछले महीने, पीएमएलए के तहत स्पेशल जज एम जी देशपांडे ने नरेश गोयल को प्राइवेट डॉक्टरों से मेडिकल चेकअप कराने की मंजूरी दी थी। इसके पहले जनवरी में नरेश गोयल, जब विशेष अदालत के सामने पेश हुए तो वह रो पड़े। गोयल ने जज से कहा था कि उन्होंने जीने की उम्मीद खो दी है और वह जेल में ही मर जाना पसंद करेंगे।
