बिजनेस

Retirement के बाद भी बनेगी 50,000 की मासिक आय, ऐसा होना चाहिए आपका स्मार्ट इन्वेस्टमेंट प्लान

क्या रिटायरमेंट के बाद 50 हजार रुपये की मासिक आय पाई जा सकती है? जी हां, सही समय पर एक स्मार्ट इन्वेस्टमेंट प्लान की मदद से बुढ़ापे में 50 हजार रुपये की मासिक आय पाई जा सकती है।

Image

रिटायरमेंट पर 50 हजार रुपये की मासिक आय (AI Generated Image)

रिटायरमेंट (Retirement) जीवन का एक ऐसा पड़ाव होता है जब नियमित नौकरी या व्यवसाय से होने वाली आय बंद हो जाती है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह होता है कि मासिक खर्चों को पूरा करने के लिए पैसा कहां से आएगा। बढ़ती महंगाई और स्वास्थ्य संबंधी खर्चों को देखते हुए आज के समय में रिटायरमेंट के बाद कम से कम 50,000 रुपये मासिक आय का लक्ष्य रखना एक समझदारी भरा कदम माना जा सकता है। लेकिन सवाल यह है कि आखिर रिटायरमेंट के बाद हर महीने 50,000 रुपये की आय कैसे सुनिश्चित की जाए? इसके लिए समय रहते कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखा जाना जरूरी है-

महंगाई को ध्यान में रखें

Retirement

रिटायरमेंट पर 50 हजार रुपये की मासिक आय (Photo: iStock)

अगर आपको रिटायरमेंट के बाद हर महीने 50,000 रुपये चाहिए, तो सालाना जरूरत लगभग 6 लाख रुपये होगी। हालांकि यह राशि आज की जरूरतों के हिसाब से है। अगर आपके रिटायरमेंट में अभी 20-25 साल बाकी हैं, तो महंगाई के कारण भविष्य में यही जरूरत कहीं अधिक हो सकती है। इसलिए रिटायरमेंट प्लान बनाते समय महंगाई को भी ध्यान में रखना जरूरी है।

कंपाउंडिंग का फायदा लें

रिटायरमेंट प्लानिंग में समय की सबसे अहम भूमिका होती है। अगर कोई व्यक्ति 25-30 साल की उम्र में ही निवेश शुरू कर देता है, तो उसे कंपाउंडिंग का बड़ा फायदा मिलता है। छोटी-छोटी रकम भी लंबे समय में बड़ा फंड बना सकती हैं।

उदाहरण के लिए अगर कोई व्यक्ति हर महीने 10,000 रुपये निवेश करता है और उसे लंबे समय में औसतन 12 प्रतिशत सालाना रिटर्न मिलता है, तो 30 साल में लगभग 3 करोड़ का फंड तैयार हो सकता है।

निवेश को अलग-अलग साधनों में बांटें

रिटायरमेंट की तैयारी करते समय केवल एक निवेश विकल्प पर निर्भर रहना जोखिम भरा हो सकता है। बेहतर रणनीति यह है कि निवेश को अलग-अलग साधनों में बांटा जाए, ताकि जोखिम कम हो और भविष्य में आय का स्रोत भी विविध बना रहे। उदाहरण के लिए, म्यूचुअल फंड SIP और NPS लंबे समय में बेहतर रिटर्न देने की क्षमता रखते हैं, जबकि PPF सुरक्षित और टैक्स लाभ वाला विकल्प माना जाता है। वहीं, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD), सीनियर सिटिजन सेविंग्स स्कीम (SCSS) और पोस्ट ऑफिस मासिक आय योजना जैसे विकल्प रिटायरमेंट के बाद नियमित और स्थिर आय प्रदान करने में मदद कर सकते हैं।

रिटायरमेंट कॉर्पस कितना होना चाहिए?

एक सामान्य नियम के अनुसार, अगर आपके पास ऐसा फंड है, जो 6 से 7 प्रतिशत का सुरक्षित रिटर्न दे सकता है तो 50,000 रुपये मासिक आय के लिए लगभग 1 करोड़ रुपये या उससे अधिक का रिटायरमेंट कॉर्पस उपयोगी साबित हो सकता है।

रिटायरमेंट के बाद भी जारी रखें निवेश

कई लोग रिटायरमेंट के बाद पूरा पैसा एफडी में डाल देते हैं। हालांकि विशेषज्ञ मानते हैं कि रिटायरमेंट के बाद भी कुछ हिस्सा ऐसे निवेशों में रखना चाहिए, जो महंगाई को मात दे सकें। इससे आपकी पूंजी लंबे समय तक टिक सकती है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article