बिजनेस

बैंक कर्मचारियों की हड़ताल से पहले सरकार का बड़ा बयान, 5-दिवसीय कार्य सप्ताह पर नहीं दी थी कोई गारंटी

हड़ताल ऐसे समय हो रही है, जब बैंकों में छमाही लेखाबंदी का काम भी चल रहा है। ग्राहकों को होने वाली परेशानी कम करने के लिए सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को 27 सितंबर, रविवार को भी शाखाएं खुली रखने का निर्देश दिया है।

Image

28 से 30 सितंबर तक बैंक कर्मचारियों की हड़ताल

Photo : iStock

बैंक कर्मचारियों की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल से पहले पांच-दिवसीय कार्य सप्ताह को लेकर सरकार ने अपना रुख स्पष्ट किया है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, वित्त मंत्रालय ने बैंक कर्मचारी संगठनों को सप्ताह में पांच दिन काम करने की व्यवस्था लागू करने का कोई आश्वासन नहीं दिया था। यह प्रस्ताव अभी सरकार के विचाराधीन है।

28 से 30 सितंबर तक बैंक कर्मचारियों की हड़ताल

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इसमें पांच-दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना प्रमुख मांग है। बैंक कर्मचारी संगठनों का कहना है कि 8 मार्च 2024 को हुए समझौते में भारतीय बैंक संघ (IBA) ने इस प्रस्ताव पर सहमति दी थी। इसके तहत सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना 40 मिनट अतिरिक्त काम करने की व्यवस्था होनी थी। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इस प्रस्ताव की सिफारिश सरकार से की गई थी, लेकिन अभी इस पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

कई मांगें पूरी, कुछ अब भी लंबित

PTI/भाषा के मुताबिक सूत्रों ने बताया कि बैंक कर्मचारियों की कई मांगों पर पहले ही फैसला लिया जा चुका है। इनमें सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारियों की पारिवारिक पेंशन में संशोधन और इस्तीफा देने वाले कर्मचारियों को पेंशन का विकल्प देना शामिल है। हालांकि, प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजना को वापस लेने की मांग अभी लंबित है। UFBU की अन्य मांगों में पेंशन को अपडेट करना, सभी पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते का एक समान फॉर्मूला और राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) चुनने का विकल्प देना शामिल है।

हड़ताल से ग्राहकों को परेशानी न हो, इसलिए खास इंतजाम

हड़ताल ऐसे समय हो रही है, जब बैंकों में छमाही लेखाबंदी का काम भी चल रहा है। ग्राहकों को होने वाली परेशानी कम करने के लिए सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को 27 सितंबर, रविवार को भी शाखाएं खुली रखने का निर्देश दिया है।

वहीं, वित्त मंत्रालय ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों का सितंबर महीने का वेतन, मजदूरी और पेंशन 25 सितंबर को जारी करने की सलाह दी है। इसमें रक्षा, डाक और दूरसंचार विभाग के कर्मचारी भी शामिल हैं। वित्त मंत्रालय ने बैंक यूनियनों से हड़ताल टालने और बाकी मांगों को बातचीत के जरिए सुलझाने की अपील की है। UFBU का दावा है कि वह बैंकिंग क्षेत्र के करीब 90 प्रतिशत कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article