बिजनेस

बार-बार बदलते रहते हैं नौकरी! पुराने Bank Account, PF और निवेश को ऐसे करें मैनेज

बार-बार नौकरी बदलते रहने के साथ कई बार व्यक्ति कुछ पुराने बैंक अकाउंट, प्रोविडेंट फंड (PF) अकाउंट और निवेश को भी भूल जाता है। ऐसे में यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि कितना पैसा कहां जमा है।

Image

पुराने Bank Account, PF और निवेश को ऐसे करें मैनेज (AI Generated Image)

नौकरी करने वाला हर दूसरा व्यक्ति करियर ग्रोथ के लिए अलग-अलग संस्थानों में काम करता है। समय के साथ इन संस्थानों की संख्या भी बढ़ने लगती है और हर बार नौकरी बदलने के साथ कुछ पुराने बैंक अकाउंट (Bank Account) , प्रोविडेंट फंड (PF) अकाउंट और निवेश भी पीछे छूट जाते हैं। बढ़ती संख्या के साथ व्यक्ति को यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि उसका कितना पैसा कहां जमा है। ऐसे में अपनी सभी वित्तीय जानकारियों को एक जगह मैनेज करना जरूरी है। आइए जानते हैं, सभी अकाउंट को कैसे मैनेज किया जा सकता है-

सभी अकाउंट की बनाएं लिस्ट

फाइनेंशियल प्लानिंग की शुरुआत अपने सभी बैंक अकाउंट और निवेश की जानकारी जुटाने से करें। इसके लिए एक जगह सेविंग अकाउंट, सैलरी अकाउंट, PF, म्यूचुअल फंड, शेयर, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD), इंश्योरेंस पॉलिसी और नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) की जानकारी लिखें। इससे आपको अपनी कुल बचत और निवेश का अंदाजा लगाने में आसानी होगी।

UAN से जोड़ें पुराने PF अकाउंट

नौकरी बदलने के बाद पुराने PF अकाउंट को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इसके लिए यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) काफी काम आता है। UAN कर्मचारी की नौकरी बदलने पर भी वही रहता है। EPFO के मेंबर पोर्टल पर जाकर पुराने PF अकाउंट और सर्विस रिकॉर्ड की जानकारी देख सकते हैं। इसके बाद पुराने PF बैलेंस को मौजूदा अकाउंट में ट्रांसफर करवाया जा सकता है। इससे अलग-अलग कंपनियों में जमा हुई रकम को ट्रैक करना आसान हो जाता है।

Bank Account और निवेश भी करें चेक

पुराने सैलरी अकाउंट की भी जांच करें। देखें कि कौन-सा अकाउंट इस्तेमाल में है और किसमें लंबे समय से कोई लेनदेन नहीं हुआ है। अकाउंट बंद करने से पहले उसमें मौजूद बैलेंस, ऑटो डेबिट और दूसरी लिंक्ड सेवाओं की जांच जरूर करें। अगर किसी पुराने बैंक में जमा रकम का पता नहीं चल रहा है, तो RBI के UDGAM पोर्टल की मदद से अनक्लेम्ड डिपॉजिट खोज सकते हैं।

वहीं, म्यूचुअल फंड और डीमैट निवेश की जानकारी जुटाने के लिए कंसोलिडेटेड अकाउंट स्टेटमेंट (CAS) उपयोगी है। इसमें PAN से जुड़े अलग-अलग म्यूचुअल फंड फोलियो और निवेश की जानकारी मिल सकती है।

अपने PF, बैंक अकाउंट, निवेश और इंश्योरेंस में नॉमिनी की जानकारी भी अपडेट करें। क्योंकि नौकरी बदलने के बाद इन छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज करना भविष्य में परेशानी पैदा कर सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article