शहर

Bihar News: कांग्रेस मुख्यालय में NSUI कार्यकर्ताओं की पत्रकारों के साथ मारपीट! जानें किस बात पर हुआ बवाल

Patna Sadaqat Ashram Video: बिहार कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार, फोटोग्राफर और कैमरामैन संवाददाता सम्मेलन में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने इस दौरान पत्रकारों के साथ कथित तौर पर मारपीट की।

Image

कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से मारपीट (फोटो साभार- TNN)

Patna Sadaqat Ashram Video: बिहार कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस की छात्र इकाई नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान पत्रकारों के साथ कथित तौर पर मारपीट की। इस घटना से वहां मौजूद मीडिया कर्मियों में भारी नाराजगी है। पत्रकार, फोटोग्राफर और कैमरामैन इस संवाददाता सम्मेलन में शामिल होने के लिए ऐतिहासिक सदाकत आश्रम पहुंचे थे।

NSUI कार्यकर्ताओं और पत्रकारों में हुई झड़प

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को एनएसयूआई के प्रभारी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के नेता कन्हैया कुमार समेत विभिन्न लोग संबोधित करने वाले थे। मीडिया को भी इसी आधार पर बुलाया गया था। हालांकि, जब पत्रकारों को पता चला कि कन्हैया कुमार शहर में मौजूद नहीं हैं, तो वे नाराज हो गए। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में अधिक संख्या में मीडिया कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए उन्हें गुमराह किया गया। स्थानीय एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कन्हैया कुमार के आने की गलत सूचना दी, जिससे पत्रकारों को अपना समय बर्बाद होने का एहसास हुआ।

कांग्रेस ने किया आरोपों से इनकार

वहीं, कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने इस आरोप से इनकार किया है। पार्टी का कहना है कि सुबह जारी किए गए आमंत्रण में कन्हैया कुमार का नाम शामिल था, लेकिन संवाददाता सम्मेलन शुरू होने से करीब आधे घंटे पहले जारी संशोधित सूचना में स्पष्ट कर दिया गया था कि वह कार्यक्रम में उपस्थित नहीं होंगे। इसलिए गुमराह करने का आरोप गलत है। इसके कुछ ही देर बाद कुर्सी को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि बैठने की व्यवस्था को लेकर एनएसयूआई के एक कार्यकर्ता और फोटो पत्रकार के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर हाथापाई हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

पत्रकार संगठनों ने की कार्रवाई की मांग

एनएसयूआई के कुछ पदाधिकारियों ने नाराज पत्रकारों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन पत्रकार अपनी मांग पर अड़े रहे। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की और संवाददाता सम्मेलन का बहिष्कार कर दिया। इस झड़प में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पत्रकार संगठनों ने इस घटना की निंदा की है और कार्रवाई की मांग की है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article