बिजनेस

ICICI Bank के NRI Saving Account के बढ़े चार्ज, 1 दिसंबर से लागू होंगे नए नियम

ICICI Bank ने एनआरआई सेविंग अकाउंट से जुड़ी कुछ बैंकिंग सर्विस के चार्ज में बदलाव करने का फैसला किया है। बैंक के नए नियम अगले महीने यानी 1 दिसंबर से लागू होने जा रहे हैं।

Image

ICICI Bank के NRI सेविंग अकाउंट के चार्ज बढ़े (AI Generated Image)

अगर आपका ICICI Bank में NRI (Non-Resident Indian) सेविंग अकाउंट है तो यह खबर आपके लिए और भी जरूरी हो जाती है। दरअसल, बैंक ने एनआरआई सेविंग अकाउंट से जुड़ी कुछ बैंकिंग सर्विस के चार्ज में बदलाव करने का फैसला किया है। नए चार्ज 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगे। इसके तहत कैश जमा करने, निकालने और बार-बार ECS डेबिट फेल होने पर ग्राहकों को पहले के मुकाबले ज्यादा फीस चुकानी पड़ सकती है। हालांकि, ज्यादातर ग्राहकों के लिए हर महीने मिलने वाली फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

किन NRI अकाउंट पर लागू होंगे नए चार्ज?

ICICI Bank के नए नियम NRI Private Banking, NRI Premium, NRI Select, NRI Pro, NRI Regular, Seafarer, Virtu और NRI Sparsh अकाउंट पर लागू होंगे। यह बदलाव उन ग्राहकों पर भी लागू होगा, जिन्होंने 4 अगस्त 2025 से पहले अपना अकाउंट खुलवाया था। बैंक की ओर से साफ किया गया है कि नए चार्ज के अलावा लागू GST भी देना होगा।

कैश जमा और निकासी पर कितनी लगेगी फीस?

बैंक ने कैश ट्रांजैक्शन की वैल्यू आधारित फीस में बढ़ोतरी की है। पहले तय फ्री लिमिट से अधिक कैश जमा करने या निकालने पर हर 1,000 रुपये पर 3.50 रुपये चार्ज लगता था। अब इसे बढ़ाकर 4 रुपये प्रति 1,000 रुपये कर दिया गया है। इस पर न्यूनतम 150 रुपये का चार्ज भी लागू होगा।

हालांकि, ग्राहकों को हर महीने कैश जमा करने और निकालने के लिए तीन-तीन फ्री ट्रांजैक्शन मिलते रहेंगे। इसके अलावा, दोनों सेवाओं के लिए हर महीने 1 लाख रुपये तक की वैल्यू लिमिट भी बरकरार रहेगी। अगर कोई ग्राहक तीन फ्री ट्रांजैक्शन की सीमा पार करता है, तो हर अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर 150 रुपये देने होंगे। वहीं, निर्धारित मासिक वैल्यू लिमिट पार होने पर वैल्यू आधारित चार्ज लगेगा। अगर दोनों लिमिट पार होती हैं, तो लागू होने वाले दोनों चार्ज में से अधिक रकम वसूली जाएगी। कैश रिसाइक्लर मशीन (CRM) के जरिए जमा किए गए कैश पर भी नया चार्ज लागू होगा।

प्रीमियम ग्राहकों को मिलेगी ज्यादा छूट

अच्छी बात ये है कि NRI Private Banking और Premium/Premia अकाउंट के कुछ योग्य ग्राहकों को अधिक फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलेगी। इसके लिए ग्राहक का रिलेशनशिप वैल्यू कम से कम 1 करोड़ रुपये होना चाहिए या पिछले तीन महीनों में किसी एक महीने में 25 लाख रुपये या उससे अधिक का डिपॉजिट और बैलेंस होना जरूरी है। ऐसे ग्राहकों को हर महीने कुल 15 फ्री कैश ट्रांजैक्शन मिलेंगे। जमा और निकासी दोनों के लिए 15-15 लाख रुपये की मासिक फ्री वैल्यू लिमिट होगी।

ECS फेल होने पर भी बढ़ेगा खर्च

बैंक ने ECS डेबिट फेल होने पर लगने वाले चार्ज में भी बदलाव किया है। पहले हर फेल ट्रांजैक्शन पर 500 रुपये का फ्लैट चार्ज लगता था। अब पहली बार ECS फेल होने पर 500 रुपये, दूसरी बार 550 रुपये और तीसरी बार भी 550 रुपये देने होंगे। हालांकि, एक मैंडेट पर महीने में अधिकतम तीन बार ही यह चार्ज वसूला जाएगा।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article