अगर आप हर महीने अपने लोन या क्रेडिट कार्ड की EMI समय पर भरते हैं, लेकिन इसके बावजूद आपका CIBIL Score कम हो गया है तो यह चिंता का विषय जरूर हो सकता है। आमतौर पर लोगों का मानना है कि समय पर भुगतान करने से क्रेडिट स्कोर हमेशा बढ़ता है, लेकिन ऐसा हर बार नहीं होता। कई ऐसे कारण हैं, जिनकी वजह से समय पर भुगतान करने के बावजूद भी CIBIL Score में गिरावट आ सकती है।
क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेश्यो (Credit Utilisation Ratio) बढ़ जाना
अगर आप अपने क्रेडिट कार्ड की उपलब्ध लिमिट का बहुत बड़ा हिस्सा नियमित रूप से इस्तेमाल कर रहे हैं, तो इसका नकारात्मक असर आपके सिबिल स्कोर पर पड़ सकता है। उदाहरण के लिए अगर आपके कार्ड की लिमिट 2 लाख रुपये है और आप हर महीने 1.8 लाख रुपये तक खर्च कर देते हैं तो आपका क्रेडिट यूटिलाइजेशन काफी अधिक माना जाएगा। फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेश्यो 30 प्रतिशत से कम रखा जाना चाहिए।
एक साथ कई लोन या क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन
जब भी आप किसी नए लोन या क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करते हैं तो बैंक या वित्तीय संस्थान आपकी क्रेडिट रिपोर्ट की जांच करते हैं। इसे 'हार्ड इन्क्वायरी' (Hard Inquiry) कहा जाता है। अगर कम समय में कई हार्ड इन्क्वायरी होती हैं, तो यह संकेत देता है कि आपको बार-बार क्रेडिट की जरूरत पड़ रही है, जिससे आपका सिबिल स्कोर कुछ समय के लिए प्रभावित हो सकता है।
क्रेडिट रिपोर्ट में अपडेट होने में देरी
कई बार आपने समय पर EMI का भुगतान कर दिया होता है, लेकिन बैंक द्वारा इसकी जानकारी क्रेडिट ब्यूरो तक पहुंचने में कुछ समय लग सकता है। ऐसे में आपकी रिपोर्ट तुरंत अपडेट नहीं होती और स्कोर अस्थायी रूप से कम दिखाई दे सकता है। अगली रिपोर्ट अपडेट होने के बाद इसमें सुधार भी देखने को मिल सकता है।
पुराने लोन का बंद होना
अगर आपने अपना कोई पुराना लोन पूरी तरह चुका दिया है या लंबे समय से इस्तेमाल हो रहे क्रेडिट कार्ड को बंद कर दिया है तो इससे आपकी क्रेडिट हिस्ट्री की औसत अवधि कम हो सकती है। लंबी और अच्छी क्रेडिट हिस्ट्री को सकारात्मक माना जाता है। ऐसे में पुराना खाता बंद होने पर कुछ मामलों में सिबिल स्कोर पर असर पड़ सकता है।
क्रेडिट रिपोर्ट में कोई गलती
कभी-कभी क्रेडिट रिपोर्ट में गलत जानकारी भी दर्ज हो सकती है। उदाहरण के लिए किसी भुगतान को गलत तरीके से बकाया दिखा दिया जाए या किसी दूसरे व्यक्ति का लोन आपकी रिपोर्ट में जुड़ जाए। ऐसी स्थिति में आपका सिबिल स्कोर प्रभावित हो सकता है। इसलिए समय-समय पर अपनी क्रेडिट रिपोर्ट की जांच करना और किसी भी गलती की स्थिति में तुरंत संबंधित क्रेडिट ब्यूरो या बैंक से शिकायत करना जरूरी है।
