India Pakistan Tension: उपभोक्ता संरक्षण नियामक सीसीपीए ने अमेजन इंडिया और वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली फ्लिपकार्ट सहित विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियों को नोटिस जारी कर उन्हें अपने मंच से पाकिस्तानी झंडे वाले उत्पाद हटाने का निर्देश दिया है। उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
प्रह्लाद जोशी ने क्या कुछ कहा?
केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने यूबाय इंडिया, एट्सी, द फ्लैग कंपनी और द फ्लैग कॉरपोरेशन को भी नोटिस भेजकर कहा कि पाकिस्तानी झंडों और संबंधित सामान की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रह्लाद जोशी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ऐसी असंवेदनशीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ई-कॉमर्स मंचों को निर्देश दिया जाता है कि वे ऐसी सभी सामग्री को तुरंत हटा दें और राष्ट्रीय कानूनों का पालन करें।
क्या है पूरा मामला?
कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की हत्या के बाद इसी महीने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर था। भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूत कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान के कायरतापूर्ण कार्रवाई करते हुए ड्रोन्स और मिसाइलों से हमला किया। हालांकि, भारत की एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तान के मंसूबों पर पानी फेर दिया। बाद में दोनों देशों ने सीजफायर की घोषणा की।
