Bull vs Bear Market: बाजार किस तरफ है, कैसे समझें Market का रुख?
- Authored by: रिचा त्रिपाठी
- Updated Dec 4, 2025, 11:34 AM IST
शेयर बाजार कभी भी एक जैसी चाल नहीं चलता कभी तेज़ी तो कभी गिरावट का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में असली चुनौती होती है यह समझना कि बाजार फिलहाल किस दिशा में जा रहा है बुल मार्केट की तेजी या बियर मार्केट की मंदी। आइए आपको बताते हैं ये दोनों इंडिकेटर मार्केट का ट्रेंड बताने में कैसे कामगार होते हैं?
Bull vs Bear Market
शेयर बाजार हमेशा एक ही दिशा में नहीं चलता। कभी बाजार तेजी से ऊपर चढ़ता है, तो कभी अचानक नीचे फिसलने लगता है। यही वजह है कि निवेशक अक्सर यह समझ नहीं पाते कि फिलहाल बाजार किस तरफ बढ़ रहा है और उन्हें अपनी निवेश रणनीति कैसे बनानी चाहिए। बाजार के दो सबसे महत्वपूर्ण फेज होते हैं बुल मार्केट (तेजी वाला बाजार) और बियर मार्केट (मंदी वाला बाजार)। अगर इन दोनों को सही ढंग से समझ लिया जाए, तो निवेशक अपने फैसले काफी बेहतर तरीके से ले सकते हैं। ऐसे में आइए आज आपको बताते हैं क्या है बियर और बुल मार्केट और मार्केट का ट्रेंड समझने में ये कैसे काम आते हैं?
क्या है Bull Market?
बुल मार्केट वह समय होता है जब बाजार में उम्मीदें बढ़ जाती हैं, शेयरों की कीमतें तेजी से ऊपर जाती हैं और निवेशकों का भरोसा मजबूत होता है। इस दौरान लोग ज़्यादा निवेश करते हैं, ट्रेडिंग वॉल्यूम बढ़ता है और हर गिरावट पर खरीदारी देखने को मिलती है। आमतौर पर बुल मार्केट तब माना जाता है जब किसी प्रमुख इंडेक्स जैसे Nifty या Sensex में हाल के लो लेवल से 20% या उससे अधिक की बढ़त हो जाए। इस फेज में अर्थव्यवस्था भी मजबूत रहती है, कंपनियों के मुनाफे बढ़ते हैं और रोज़गार के आंकड़े अच्छे आते हैं। यही वजह है कि निवेशक बुल मार्केट को अवसरों से भरा समय मानते हैं।
क्या है Bear Market?
इसके उलट, बियर मार्केट वह दौर होता है जब बाजार में डर बढ़ जाता है, निवेशक सतर्क हो जाते हैं और शेयरों की कीमतें लगातार गिरने लगती हैं। जब किसी इंडेक्स में ऊंचे स्तर से 20% से अधिक गिरावट आती है, तो उसे बियर मार्केट कहा जाता है। इस दौरान आर्थिक संकेतक कमजोर हो जाते हैं जैसे GDP ग्रोथ घटने लगती है, कंपनियों की कमाई कम होती है और लोग निवेश से दूरी बनाने लगते हैं। कई बार बियर मार्केट छोटा होता है और जल्दी खत्म हो जाता है, लेकिन जब यह लंबा चलता है, तो निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। यही वजह है कि मंदी के समय में निवेशक बचाव की रणनीति अपनाते हैं।
कैसे समझें बाजार का ट्रेंड?
अब सवाल है निवेशक कैसे पहचानें कि बाजार किस दिशा में जा रहा है? इसका सबसे आसान तरीका है बाजार के रुझानों को समझना। अगर बाजार कई हफ्तों या महीनों से लगातार ऊपर जा रहा है, गिरावट आने पर जल्दी रिकवरी दिखा रहा है, और निवेशकों की भागीदारी बढ़ रही है तो यह साफ संकेत है कि बाजार बुल फेज़ में है। वहीं, अगर बाजार लंबे समय से नीचे जा रहा है, बड़े पैमाने पर शेयर टूट रहे हैं, और आर्थिक माहौल खराब दिख रहा है तो यह बियर मार्केट की तरफ इशारा करता है।
हालांकि एक बात हमेशा याद रखनी चाहिए कि बाजार कभी भी पूरी तरह सीधी लाइन में नहीं चलता। बुल मार्केट में भी करेक्शन आते हैं और बियर मार्केट में भी अचानक राहत देखने को मिल सकती है। इसलिए किसी एक दिन के मूवमेंट से निष्कर्ष निकालना सही नहीं होता। निवेशकों को एक बड़े ट्रेंड को देखकर ही समझना चाहिए कि बाजार की दिशा असल में क्या है।
कैसे बनाएं निवेश स्ट्रेटेजी?
अब बात करें निवेश रणनीति की तो अगर बाजार बुलिश है, तो निवेशक उत्साह में ज्यादा जोखिम लेने लगते हैं। लेकिन यह जरूरी नहीं कि हर बढ़त का पीछा किया जाए। बेहतर तरीका यह है कि अपनी एसेट अलोकेशन स्ट्रेटजी पर टिके रहें और जरूरत पड़ने पर मुनाफा बुक करते रहें। लंबी अवधि के निवेशक बुल मार्केट में भी संतुलित पोर्टफोलियो रखते हैं ताकि अचानक आने वाले करेक्शन से बच सकें।
दूसरी ओर, बियर मार्केट अक्सर अच्छे निवेश अवसर लेकर आता है। जब क्वालिटी शेयर सस्ते दाम पर मिलते हैं, तो लंबे समय का निवेश बड़े रिटर्न दे सकता है। ऐसे समय में घबराकर सारे निवेश बेच देना अच्छी रणनीति नहीं होती। बल्कि मजबूत कंपनियों के शेयरों में धीरे-धीरे निवेश करना, SIP जारी रखना और फाइनेंशियल गोल्स के अनुसार प्लानिंग करना समझदारी होती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।