ऑनलाइन फूड डिलिवरी प्लेटफॉर्म स्विगी ने अपनी सालाना रिपोर्ट ‘हाउ इंडिया स्विगीड’ का 10वां संस्करण जारी किया। इस रिपोर्ट में वर्ष 2025 के दौरान प्लेटफॉर्म पर किए गए ऑर्डर्स के आधार पर भारतीयों की खाने-पीने की पसंद को सामने रखा गया है। आंकड़ों से साफ है कि इस साल भी लोगों के दिल पर बिरयानी ने राज किया।
PTI/भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2025 में स्विगी पर कुल 9.3 करोड़ बिरयानी ऑर्डर की गईं, जिससे यह देश की सबसे ज्यादा ऑर्डर की जाने वाली डिश बन गई। बिरयानी के बाद बर्गर दूसरे स्थान पर रहा, जिसके 4.42 करोड़ ऑर्डर दर्ज किए गए। वहीं, पिज्जा के 4.01 करोड़ और डोसा के 2.62 करोड़ ऑर्डर हुए।
रिपोर्ट यह भी बताती है कि भारतीयों में स्थानीय और क्षेत्रीय व्यंजनों के प्रति प्यार लगातार बढ़ रहा है। खास तौर पर पहाड़ी खाने के ऑर्डर्स में एक साल के भीतर नौ गुना तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके अलावा मालाबार, राजस्थानी, मालवणी और अन्य क्षेत्रीय खानों के ऑर्डर्स में भी बीते साल की तुलना में लगभग दोगुनी बढ़त देखी गई।
खाने के समय को लेकर भी रिपोर्ट में दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं। स्विगी के अनुसार, रात्रि भोजन (डिनर) के ऑर्डर दोपहर के भोजन (लंच) की तुलना में करीब 32 प्रतिशत अधिक रहे। इससे यह संकेत मिलता है कि लोग दिन के अंत में बाहर से खाना मंगवाना ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
भारतीय स्वाद के साथ-साथ वैश्विक व्यंजनों की लोकप्रियता भी तेजी से बढ़ी है। रिपोर्ट में बताया गया कि वर्ष 2025 में मैक्सिकन खाने के 1.6 करोड़ ऑर्डर, तिब्बती खाने के 1.2 करोड़ से ज्यादा ऑर्डर दर्ज किए गए। वहीं, कोरियन फूड भी लोगों की पसंद में शामिल रहा, जिसके 47 लाख ऑर्डर किए गए।
