8th Pay Commission Update : केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के वेतन, पेंशन और भत्तों में संशोधन के लिए गठित 8वें वेतन आयोग का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। हाल ही में आयोग ने 8 अक्टूबर को बेंगलुरु और 23 अक्टूबर को मुंबई में दो महत्वपूर्ण बैठकें पूरी की हैं। 3 नवंबर 2025 को अपने गठन के बाद से आयोग दिल्ली, लद्दाख, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्रमुख हितधारकों के साथ चर्चा कर चुका है। यह आयोग न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में बना एक अस्थायी 3-सदस्यीय निकाय है। आयोग के संदर्भ शर्तों (Terms of Reference - ToR) के अनुसार, गठन के 18 महीने के भीतर रिपोर्ट सौंपनी है। इस आधार पर 8वें वेतन आयोग की अंतिम रिपोर्ट मई-जून 2027 तक केंद्र सरकार को प्रस्तुत किए जाने की पूरी संभावना है।
क्या रिपोर्ट जमा होते ही बढ़ जाएगी सैलरी?
अक्सर कर्मचारियों के मन में यह सवाल रहता है कि क्या आयोग द्वारा रिपोर्ट पेश करते ही नई सैलरी मिलने लगेगी? इसका जवाब है, नहीं। रिपोर्ट का सौंपा जाना स्वचालित रूप से वेतन वृद्धि लागू नहीं करता है। रिपोर्ट मिलने के बाद केंद्र सरकार आयोग की सिफारिशों, वित्तीय प्रभावों और बजटीय व्यवस्था का गहराई से विश्लेषण करती है। इसके बाद ही यह तय किया जाता है कि सिफारिशों को किस रूप में और कब लागू करना है। वेतन वृद्धि में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका फिटमेंट फैक्टर की होती है। फिटमेंट फैक्टर वह गुणक होता है, जिससे कर्मचारियों के मौजूदा बेसिक पे (मूल वेतन) को गुणा करके नया रिवाइज्ड बेसिक पे तय किया जाता है।
फिटमेंट फैक्टर का गणित: 6वें और 7वें वेतन आयोग का इतिहास
- 6ठा वेतन आयोग: इसमें 1.86 के फिटमेंट फैक्टर की सिफारिश की गई थी।
- 7वां वेतन आयोग: इसमें 2.57 का यूनिफॉर्म फिटमेंट फैक्टर लागू किया गया था, जिससे न्यूनतम बेसिक पे 7,000 रुपये से सीधे बढ़कर 18,000 रुपये हो गया था।
इस बार कर्मचारी संगठन और यूनियनें महंगाई और जीवन यापन की लागत को देखते हुए उच्च फिटमेंट फैक्टर की मांग कर रहे हैं। भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) ने 4x फिटमेंट फैक्टर की मांग रखी है, जबकि नेशनल काउंसिल ऑफ जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) ने 3.833 का फिटमेंट फैक्टर प्रस्तावित किया है। हालांकि 8वें वेतन आयोग के लिए अंतिम फिटमेंट फैक्टर अभी तय नहीं हुआ है। यह आंकड़ा आयोग की सिफारिशों और सरकार के अंतिम फैसले के बाद ही साफ होगा। कर्मचारियों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि फिटमेंट फैक्टर केवल मूल वेतन (Basic Pay) पर लागू होता है, पूरी टेक-होम सैलरी पर नहीं।
रिपोर्ट सौंपने से लेकर बैंक खाते में सैलरी आने तक
रिपोर्ट जमा होने के बाद नए वेतनमान और एरियर के भुगतान तक सरकार निम्नलिखित चरणों से गुजरती है:-
- सरकार द्वारा रिपोर्ट की गहन समीक्षा:- रिपोर्ट मिलने के बाद केंद्र सरकार फिटमेंट फैक्टर, बेसिक पे, भत्तों, पेंशन और सेवा शर्तों से जुड़ी हर सिफारिश का बारीकी से अध्ययन करती है।
- सिफारिशों पर निर्णय:- प्रशासनिक, वित्तीय और व्यावहारिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए सरकार यह तय करती है कि आयोग की कौन सी सिफारिशें स्वीकार की जाएं, किन्हें बदला जाए या खारिज किया जाए।
- विशेष समितियों द्वारा जांच:- भत्तों (Allowances) और पेंशन से जुड़े कई जटिल मुद्दों के लिए अलग-अलग विशेषज्ञ समितियां बनाई जा सकती हैं, जो अंतिम फैसले से पहले अतिरिक्त समीक्षा करती हैं।
- आधिकारिक अधिसूचना (Notification):- सरकार जब सभी सिफारिशों को मंजूरी दे देती है, तब नया पे-स्ट्रक्चर, नियम और प्रभावी तिथियां बताते हुए आधिकारिक गजट नोटिफिकेशन जारी किया जाता है।
- सैलरी रिवीजन और एरियर का भुगतान:- अधिसूचना के बाद एक निश्चित तारीख घोषित की जाती है, जिससे नया वेतन आयोग लागू माना जाता है। सभी विभाग कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के बकाए की गणना करते हैं और सरकारी आदेशों के अनुसार भुगतान किया जाता है।
कर्मचारियों के लिए आगे की राह
8वें वेतन आयोग का कार्यकाल करीब 18 महीने का है। अगले 7-8 महीनों में आयोग की अंतिम रिपोर्ट सामने आने की उम्मीद है। हालांकि, actual implementation date, आधिकारिक फिटमेंट फैक्टर और वेतन वृद्धि की सटीक जानकारी सरकार के अंतिम फैसले के बाद ही स्पष्ट होगी। तब तक सामने आ रहे विभिन्न आंकड़ों को केवल प्रस्ताव और मांग के रूप में ही देखा जाना चाहिए।
