Sandeep Kataria: बाटा कॉरपोरेशन के ग्लोबल सीईओ संदीप कटारिया ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने स्विट्जरलैंड की प्रमुख फुटवियर कंपनी को लीड करने वाले पहले भारतीय बनने के पांच साल बाद इस्तीफा दे दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार उनकी उत्तराधिकार योजना पर काम चल रहा है और इस हफ्ते इसकी आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है। लीडरशिप में बदलाव से पहले कटारिया संभवतः छह महीने तक अपने पद पर बने रहेंगे।
ये भी पढ़ें -
8 साल से दे रहे हैं सर्विस
ईटी की रिपोर्ट के अनुसार कटारिया ने इस्तीफा दे दिया है। 55 वर्षीय कटारिया आठ साल के अपने कार्यकाल के बाद बाटा से बाहर हो रहे हैं। 2020 में टॉप ग्लोबल भूमिका संभालने से पहले वे तीन साल बाटा इंडिया के प्रमुख रहे।
बाटा में हुए कई बदलाव
कटारिया के कार्यकाल के दौरान, बाटा ने एक बड़ा ट्रांसफॉर्मेशन देखा, अपनी ब्रांड पहचान को आधुनिक बनाया, ऑपरेशन को सुव्यवस्थित किया और डिजिटल और डिजाइन-बेस्ड इनोवेशन को गति दी। ईटी की रिपोर्ट के अनुसार उनके कार्यकाल में बाटा ने एशिया, अफ्रीका और यूरोप के प्रमुख बाजारों में अपनी स्थिति को मजबूत किया।
साथ ही उनके टेन्योर में ग्लोबल सप्लाई चेन मॉडल की ओर भी बदलाव हुआ है।
20% CAGR रही ग्रोथ
आईआईटी-दिल्ली से इंजीनियर और एक्सएलआरआई से ग्रेजुएट कटारिया ने 2017 में बाटा में शामिल होने से पहले यूनिलीवर, यम! फूड्स और वोडाफोन के साथ काम किया है। उनके कार्यकाल में बाटा का भारतीय कारोबार 20% की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (सीएजीआर) से बढ़ा है, जो FY21 में 1,707 करोड़ रुपये से FY25 में 3,554 करोड़ रुपये हो गया।
बाटा रेवेन्यू के साथ-साथ वॉल्यूम के हिसाब से भारत की सबसे बड़ी फुटवियर फर्म है, जिसका वार्षिक कारोबार 3,554 करोड़ रुपये है, जो 1,960 से अधिक स्टोरों के जरिए हर साल लगभग 50 मिलियन शू पेयर बेचती है।
