बिजनेस

टाटा संस के शेयर बाजार में लिस्ट होने से बदल सकता है काम करने का तरीका: नोएल टाटा

नोएल टाटा ने आगे कहा कि टाटा ट्रस्ट इस मामले में नियामकों और दूसरे पक्षों के साथ मिलकर ऐसा रास्ता निकालने की कोशिश करेगा, जिससे टाटा ग्रुप की पुरानी कार्यशैली बरकरार रहे।

Image

रतन टाटा के निधन के बाद नोएल टाटा ने टाटा ट्रस्ट की जिम्मेदारी संभाली थी।

टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा ने कहा है कि अगर टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्ट कराया जाता है, तो इससे 150 साल से भी ज्यादा पुराने टाटा ग्रुप के काम करने का तरीका पूरी तरह बदल सकता है। नोएल टाटा का कहना है कि टाटा ट्रस्ट इस बात को लेकर चिंतित है कि कंपनी के लिस्ट होने के बाद उसका ध्यान समाजसेवा और परोपकार से हटकर मुनाफा कमाने पर ज्यादा हो सकता है। उन्होंने साफ किया कि टाटा ट्रस्ट इस मामले में नियामकों और दूसरे संबंधित पक्षों से बातचीत करेगा, ताकि टाटा ग्रुप की मौजूदा कार्यशैली बनी रहे।

शनिवार को हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में बोलते हुए नोएल टाटा ने कहा कि कुछ लोग टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्ट कराने की बात कर रहे हैं। लेकिन उन्हें लगता है कि ऐसा होने से कंपनी के काम करने का तरीका बदल जाएगा।

उन्होंने कहा, 'अगर भविष्य में टाटा संस के 30 से 40 हजार शेयरधारक हो गए, तो कंपनी पर मुनाफा कमाने का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में समाजसेवा और परोपकार जैसे काम पीछे छूट सकते हैं। इससे टाटा ग्रुप की पहचान और काम करने का तरीका बदल सकता है।' नोएल टाटा ने आगे कहा कि टाटा ट्रस्ट इस मामले में नियामकों और दूसरे पक्षों के साथ मिलकर ऐसा रास्ता निकालने की कोशिश करेगा, जिससे टाटा ग्रुप की पुरानी कार्यशैली बरकरार रहे।

किसी एक पर निर्भर नहीं मालिकाना हक

उन्होंने कहा कि टाटा ग्रुप की सबसे बड़ी ताकत उसकी निरंतरता और काम करने का खास तरीका है। इस मॉडल में कंपनी का मालिकाना हक किसी एक व्यक्ति पर निर्भर नहीं होता। यानी मालिक न तो मरता है, न रिटायर होता है और न ही उसे कोई खरीद सकता है। गौरतलब है कि नोएल टाटा, रतन टाटा के सौतेले भाई हैं। रतन टाटा के निधन के बाद उन्होंने टाटा ट्रस्ट की जिम्मेदारी संभाली थी।

टाटा ग्रुप में लिस्टिंग को लेकर मतभेद

टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्ट कराने के मुद्दे पर टाटा ग्रुप के अंदर मतभेद भी सामने आ रहे हैं। एक तरफ नोएल टाटा के नेतृत्व वाला टाटा ट्रस्ट कंपनी की लिस्टिंग के पक्ष में नहीं है। वहीं दूसरी तरफ टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन का कहना है कि कंपनी को देश के कानून का पालन करना होगा।

टाटा संस के प्रबंधन का मानना है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के निर्देशों के मुताबिक कंपनी को शेयर बाजार में लिस्ट कराना पड़ सकता है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि टाटा ट्रस्ट और नियामकों के बीच बातचीत से क्या रास्ता निकलता है और टाटा संस की लिस्टिंग को लेकर आगे क्या फैसला होता है।

(इनपुट-भाषा)

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article