LPG Cylinder Price Today: महंगाई से जूझ रहे लोगों को नए महीने के पहले दिन ही अच्छी खबर मिली है। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के नए रेट जारी कर दिए हैं। 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर (Commercial LPG cylinder) 135 रुपये सस्ता हो गया है। नई कीमत आज से ही लागू हो गई हैं। हालांकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के उपभोक्ताओं को कोई राहत नहीं मिली है।
जानिए कितनी हो गई है अब कीमत
19 किलो वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 135 रुपये प्रति सिलेंडर की कमी के बाद अब दिल्ली में अब इसकी कीमत 2,354 रुपये की जगह 2219 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में इस सिलेंडर की कीमत 2322 रुपये, मुंबई में 2171.50 रुपये और चेन्नई में 2373 रुपये होगी। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की दरों में कोई बदलाव नहीं। नई दरें आज से प्रभावी हो गई हैं। इससे पहले आशंका जताई जा रही थी कि गैस की कीमतों में आज से बढ़ोतरी हो सकती है।
तीन महीने से लगातार बढ़ रहे थे दाम
आपको बता दें कि पिछले महीने यानि 1 मई को वाणिज्यिक इस्तेमाल में आने वाले 19 किलोग्राम वजनी एलपीजी सिलिंडर के दाम में 102.50 रुपये प्रति सिलिंडर बढ़ गए थे। यह लगातार तीसरा महीना रहा था जब वाणिज्यिक एलपीजी सिलिंडर के दाम बढ़े थे। गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी की तमाम राजनीतिक दलों ने विरोध किया था और सरकार को निशाने पर लिया था। बहरहाल घरेलू इस्तेमाल वाले रसोई गैस सिलिंडर के दाम में कोई कटौती नहीं की गई है।

