पहली बार एक महिला संभालेगी SEBI के अध्यक्ष का पद, जानें कौन है ये

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 28, 2022, 04:49 PM IST

सेबी अधिनियम के अनुसार, सेबी के अध्यक्ष की नियुक्ति अधिकतम पांच वर्ष की अवधि के लिए या 65 वर्ष तक, जो भी पहले हो, के लिए की जाती है।

पहली बार एक महिला संभालेगी SEBI के अध्यक्ष का पद, जानें कौन है ये
Photo Credit: BCCL

नई दिल्ली। बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (Sebi) ने सोमवार को माधबी पुरी बुच को अपना अध्यक्ष नियुक्त किया। वह अजय त्यागी की जगह लेंगी। माधबी पुरी बुच पूंजी बाजार नियामक का नेतृत्व करने वाली पहली महिला होंगी। अप्रैल 2017 से अक्टूबर 2021 तक सेबी की पूर्व पूर्णकालिक सदस्य माधबी पुरी बुच को 3 साल के लिए नियुक्त किया गया है।

कौन हैं माधबी बुच? (Who is Madhabi Puri Buch)
सेबी की पहली महिला प्रमुख, बुच ने सेंट स्टीफंस कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की है और उन्होंने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, अहमदाबाद से एमबीए की है। साल 2009 से 2011 तक माधबी पुरी बुच आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) थीं। उन्होंने आईसीआईसीआई समूह में लगभग दो दशक काम किया है। अपने शानदार करियर में, बुच ने शंघाई, चीन में न्यू डेवलपमेंट बैंक के सलाहकार के रूप में भी काम किया है। उन्होंने निजी इक्विटी फर्म ग्रेटर पैसिफिक कैपिटल के सिंगापुर कार्यालय का भी नेतृत्व किया।

1 मार्च 2017 में हुई थी अजय त्यागी की नियुक्ति
हिमाचल प्रदेश कैडर के 1984 बैच के आईएएस अधिकारी त्यागी को 1 मार्च 2017 को 3 साल की अवधि के लिए सेबी का अध्यक्ष बनाया गया था। फिर उन्हें 6 महीने का विस्तार दिया गया और अगस्त 2020 में उनके कार्यकाल को 18 महीने के लिए और बढ़ा दिया गया था। अजय त्यागी का पांच साल का कार्यकाल समाप्त हो गया है।

सरकार ने यू के सिन्हा को तीन साल के लिए सेवा विस्तार दिया था, जिससे वह डी आर मेहता के बाद सेबी के दूसरे सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रमुख बन गए थे। त्यागी के कार्यभार संभालने से पहले सिन्हा शीर्ष पर थे।

End of Article