शहर

LPU हिंसा में पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 आरोपी गिरफ्तार; तोड़फोड़ में शामिल लोगों के डिजिटल एविडेंस जुटा रही पुलिस

पंजाब के जिला कपूरथला स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़ और हिंसा मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल, एक एसआईटी यूनिवर्सिटी व आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरे व डिजीटल एविडेंस कलैक्ट करने में जुटी हुई है।

Image

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी हिंसा मामले में हिंसा (फोटो-Twitter)

कपूरथला : फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, तीनों पर यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़ में शामिल होने का आरोप है। मामले की जांच के लिए पुलिस ने कुल दो एसआईटी गठित की हैं। पुलिस ने एफआईआर नंबर 163, 105 और 106 की जांच के लिए अलग एसआईटी बनाई है। वहीं, दूसरी एसआईटी यूनिवर्सिटी और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य डिजिटल एविडेंस जुटा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को फगवाड़ा कोर्ट में पेश कर तीन दिन की रिमांड की मांग की है।

डिजिटल एविडेंस जुटा रही पुलिस

पुलिस की एक एसआईटी यूनिवर्सिटी और आसपास के क्षेत्रों से सीसीटीवी फुटेज के साथ अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है। इसी बीच गिरफ्तार किए गए गगन के परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

गगन के मामा ने बताया कि पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि गगन को किस मामले में गिरफ्तार किया गया है। उनके मुताबिक, गगन एक दिन से लापता था। कोर्ट में पेशी से पहले गगन ने फोन कर परिवार को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिजन कोर्ट पहुंचे और पुलिस से उसकी गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी लेने की कोशिश की। हालांकि, उनका आरोप है कि पुलिस ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

गगन के मामा के अनुसार, उसके खिलाफ पहले से कोई मामला दर्ज नहीं है। परिवार ने बताया कि गगन डोमिनोज में डिलीवरी का काम करता है और करीब डेढ़ महीने पहले ही उसने यह नौकरी शुरू की थी। गिरफ्तारी के बाद परिवार उसकी सुरक्षा और मामले को लेकर चिंतित है।

वहीं, थाना सतनामपुरा के अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, जांच अधिकारी ने गिरफ्तारी से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की और मीडिया के सवालों से बचते हुए वहां से निकल गए।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article