पटना : बिहार में इन दिनों महिलाओं और बेटियों के खिलाफ हो रहे आपराधित मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अभी तक आम लड़कियों से बदसलूकी की खबरें सामने आ रही थी, लेकिन पटना से एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें महिलाओं की सुरक्षा के लिए तैनात महिला पुलिसकर्मी ही कथित तौर पर मनचलों की हरकत का शिकार हो गईं। रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में अभया ब्रिगेड की महिला कांस्टेबलों के साथ बदसलूकी और हाथापाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि घटना कल शाम की है। अभया ब्रिगेड की तीन महिला कांस्टेबल स्कूटी से इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थीं। इसी दौरान कुछ युवकों ने महिला पुलिसकर्मियों पर कथित तौर पर कमेंट किया। इसके बाद महिला कांस्टेबलों ने आगे जाकर अपनी स्कूटी रोकी और एक युवक को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने एक महिला कांस्टेबल के साथ हाथापाई शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर अन्य महिला कांस्टेबल भी मौके पर पहुंच गईं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- 'आंखें मिलायेंगे डर से'...40 साल पहले नीरजा भनोट और अब कैप्टन स्मित मच्छार, जब लोगों की जिंदगी के लिए मौत से लड़ गए दो भारतीय जांबाज
घटना के बाद मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में महिला पुलिसकर्मियों और युवक के बीच कथित तौर पर हुई झड़प दिखाई दे रही है।
SSP ने दिए जांच के आदेश
महिला पुलिसकर्मी के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट के मामले को पटना के SSP ने गंभीरता से लिया है। SSP कार्तिकेय शर्मा ने घटना की जांच SP ईस्ट को सौंप दी है। SSP ने पूरी घटना के साथ-साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की भी जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
