स्पाइसजेट विमान हादसा: सिंधिया ने दी जानकारी, डीजीसीए ने शुरू की जांच

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 2, 2022, 05:36 PM IST

एयरलाइन ने कहा कि स्पाइसजेट एसजी-945 के केबिन क्रू और कॉकपिट क्रू को विमान ड्यूटी के लिए नहीं रखा जाएगा।

स्पाइसजेट विमान हादसा: सिंधिया ने दी जानकारी, डीजीसीए ने शुरू की जांच

नई दिल्ली। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) 1 मई को स्पाइसजेट (SpiceJet) की मुंबई-दुर्गापुर उड़ान में हुई घटना की जांच करेगा। नागर विमानन महानिदेशालय ने जांच करने के लिए और जल्द से जल्द एक रिपोर्ट तैयार करने के लिए एक टीम का गठन भी किया है। 

इस संदर्भ में केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट के जरिए कहा कि, 'एविएशन सेक्टर के रेगुलेटर ने घटना की जांच के लिए टीम गठित की है। दुर्गापुर जा रही स्पाइसजेट फ्लाइट तूफान (टर्बुलेंस) में फंसी और यात्रियों को हुई क्षति दुर्भाग्यपूर्ण है। घटना की जांच के लिए डीजीसीए ने एक टीम भेजी है। मामले को बेहद गंभीरता से निपटाया जा रहा है। आगे उन्होंने यह भी कहा कि जांच पूरी होने के बाद इसके कारणों के बारे में अधिक जानकारी साझा की जाएगी।'

क्या है मामला?
दरअसल मुंबई से पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर जा रहा स्पाइसजेट बोइंग B737 एयरक्राफ्ट तूफान (टर्बुलेंस) में फंस गया था। इसकी वजह से कुछ यात्री घायल हुए। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि दुर्गापुर पहुंचने के बाद यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई था। स्पाइसजेट ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर खेद व्यक्त किया और साथ ही घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान की।

अस्पताल में भर्ती हुए थे 11 यात्री
उड़ान दुर्गापुर एयरपोर्ट पर लैंड करने ही वाली थी कि खराब मौसम की वजह से अचानक उथल-पुथल हुई। एक यात्री अकबर अंसारी ने एएनआई को बताया कि इस दौरान कुछ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद 11 यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से 8 को अब तक छुट्टी दे दी गई है। SpiceJet Spox ने कहा कि जब विमान में उथल-पुछल थी, तब सीट बेल्ट का साइन ऑन था।

End of Article