नई दिल्ली। हवाई जहाज से सफर करने वाले यात्रियों को बड़ा झटका लगा है क्योंकि जल्द ही हवाई सफर और भी महंगा हो सकता है। एविएशन टर्बाइन फ्यूल (Air Turbine Fuel) की कीमत में बढ़ोतरी हो गई है। सरकारी तेल कंपनियों ने हवाई ईंधन की कीमत (ATF Price) पांच फीसदी बढ़ा दी है। राज्य के स्वामित्व वाले ईंधन विक्रेताओं की मूल्य अधिसूचना के अनुसार, अब राष्ट्रीय राजधानी में एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमत 123,039.71 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है।
इस साल 61.7 फीसदी बढ़ी कीमत
इस साल 1 जनवरी 2022 से एटीएफ की कीमत 61.7 फीसदी बढ़ी है। यह 76,062 रुपये प्रति किलोलीटर से बढ़कर 1.23 लाख रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। मालूम हो कि एक एयरलाइन की रनिंग कॉस्ट का लगभग 40 फीसदी हिस्सा एविएशन टर्बाइन फ्यूल का होता है। इसलिए एटीएफ के दाम बढ़ने से हवाई जहाज की टिकट भी महंगी हो सकती हैं।
अन्य प्रमुख शहरों में इतनी है कीमत
मुंबई में एटीएफ की कीमत अब 121,847.11 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। कोलकाता में इसकी कीमत 127,854.60 रुपये प्रति किलोलीटर और चेन्नई में 127,286.13 रुपये प्रति किलोलीटर है।
एक दिन पहले सीएनजी के भी बढ़े दाम (CNG Price)
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने सुबह 6 बजे से दिल्ली-एनसीआर में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमत में इजाफा किया था। दिल्ली में सीएनजी की कीमत 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़कर 73.61 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। नोएडा में यह 76.17 रुपये प्रति किलोग्राम और गुरुग्राम में सीएनजी 81.94 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। इतना ही नहीं, देश के अन्य हिस्सों में भी सीएनजी की कीमत बढ़ाई गई है।

