कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने सदस्यों को लगातार नई सुविधाएं दे रहा है। क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया को तेज करने के बाद अब EPFO एटीएम से सीधे पीएफ निकालने की योजना पर भी काम कर रहा है।
कितने दिन में मिलेगा पैसा?
अगर आपने अपने पीएफ अकाउंट से पैसा निकालने के लिए क्लेम किया है या करने की सोच रहे हैं, तो आपके मन में यह सवाल जरूर आता होगा कि पैसा कब तक अकाउंट में आएगा। ऑटो-सेटलमेंट मोड में आने वाले क्लेम (जहां कोई मैनुअल दखल नहीं होता) सिर्फ 3 दिन या 72 घंटे में सेटल हो जाते हैं। इसमें बीमारी का इलाज, बच्चों की पढ़ाई, शादी और घर खरीदने जैसे कारणों से किए गए क्लेम शामिल हैं।
मैनुअल क्लेम में लग सकता है समय
अगर आपने मैनुअल क्लेम किया है तो इसमें 15 से 30 दिन तक का समय लग सकता है। हालांकि अगर आपका क्लेम 20 दिनों के भीतर सेटल नहीं होता है, तो आप EPFO हेल्पलाइन 1800-180-1425 पर संपर्क कर सकते हैं, या फिर EPFO की वेबसाइट पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
5 लाख रुपये तक निकालने की सुविधा
पहले EPFO ने ऑटो-सेटलमेंट के लिए लिमिट 1 लाख रुपये रखी थी, जिसे अब बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया गया है। यानी अब सदस्य आसानी से ज्यादा राशि निकाल सकते हैं। पीएफ से पैसा आप कई कारणों से निकाल सकते हैं। मकान/फ्लैट खरीदने या निर्माण करने के लिए (जमीन लेने तक), लंबे समय तक सैलरी न मिलने पर (अगर 2 महीने या उससे ज्यादा समय से वेतन नहीं मिला), या फिर अन्य आपात जरूरतों के लिए।
