बिजनेस

घर खरीदने का बजट बनाते समय न करें ये गलती, EMI के अलावा इन खर्चों के लिए रहें तैयार

घर खरीदते समय, आपको यह समझना जरूरी कि EMI के अलावे भी कई तरह के खर्च होत हैं, जिनके लिए आपको तैयार रहना चाहिए। ऐसे नहीं होने पर बाद में वित्तीय समस्या पैदा हो जाती है।

Image

घर की खरीदारी

घर खरीदना किसी के लिए एक बड़ी उपलब्धि होती है। भारत में लोगों की मुख्य प्राथमिकताओं में से एक घर खरीदना होता है। हालांकि, यह एक बड़ी आर्थिक जिम्मेदारी भी है क्योंकि ज्यादातर लोग होम लोन लेकर घर खरीदते हैं। लोन की अवधि आमतौर पर 20 साल होती है और खरीदार कम से कम 25-30% डाउन पेमेंट करने की कोशिश करते हैं।

अधिकांश लोग घर खरीदने से पहले होम लोन की ईएमआई का कैलकुलेशन करते हैं। उसके बाद आने वाले खर्चों को नजरअंदाज कर देते हैं। ये खर्च किसी लोन स्टेटमेंट में नहीं दिखते, फिर भी बड़ा बोझ डालते हैं। इसीलिए घर खरीदने के बारे में सोचते समय, आपको अतिरिक्त भुगतानों और खर्चों के लिए तैयार रहना चाहिए, ताकि आपकी बचत या इमरजेंसी फंड पर कोई बुरा असर न पड़े।

EMI के अलावा इन खर्चों के लिए रहें तैयार

इंटीरियर खर्च: अगर आप फ्लैट खरीदते हैं तो उसमें रहने के लिए आपको इंटीरियर करना होगा। अगर आप सिंपल इंटीरियर कराते हैं, जिसमें वार्डरोब, किचन, रैक आदि बनवाते हैं तो कम से कम 2 से 3 लाख रुपये खर्च होंगे।

मेंटेनेंस चार्ज: सोसायटियों में अपार्टमेंट्स सिक्योरिटी, लिफ्ट, पानी और कॉमन एरिया के लिए हर महीने फीस लेते हैं। ये हर साल बढ़ते हैं, जिसका मतलब है कि आपको EMI के अलावा अपनी जेब से एक्स्ट्रा पैसे देने के लिए तैयार रहना होगा।

प्रॉपर्टी टैक्स: भारत में प्रॉपर्टी टैक्स एक सालाना या छमाही डायरेक्ट टैक्स है जिसे लोकल म्युनिसिपल बॉडीज लगाती हैं। घर के मालिक के तौर पर, आपको नियमों और समय-सीमाओं के बारे में जानकारी रखनी चाहिए ताकि किसी भी संभावित पेनल्टी से बचा जा सके।

मरम्मत और फर्निशिंग: घर का मालिक बनने के बाद सीपेज, पेंट, प्लंबिंग और इलेक्ट्रिकल ठीक-ठाक रखने जैसी चीज़ें आपकी अतिरिक्त जिम्मेदारियां बन जाती हैं। आपको अपने घर की कीमत का कम से कम 1% हिस्सा हर साल अलग रखना चाहिए ताकि आप अपने दूसरे प्लान्स पर असर डाले बिना इन खर्चों को संभाल सकें।

होम इंश्योरेंस: इसमें आपके घर में आग लगने, चोरी होने और प्राकृतिक कारणों से होने वाले नुकसान को कवर किया जाता है। कई लोग पैसे बचाने के लिए इसे नहीं करवाते, लेकिन आपको यह तय करना होगा कि आपको सुरक्षा चाहिए या आप जोखिम उठाने को तैयार हैं।

यूटिलिटी बिल: किराए के घर में आपके यूटिलिटी बिल शायद उतने ज़्यादा न हों। लेकिन जब आप अपना बड़ा घर खरीदते हैं, तो बिजली, पानी और गैस के बिल ज़्यादा आ सकते हैं।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article