Faridabad News: फरीदाबाद के तिलपत गांव में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां 25 वर्षीय बाउंसर वली मोहम्मद की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। मृतक नूंह जिले के बीसरू गांव का रहने वाला था। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बच्चे को टक्कर लगने के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, तिलपत गांव के रहने वाले ताहिर के घर पर गुरुवार रात करीब 8 बजे नए मकान को लेकर कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक युवक की बाइक से ताहिर के भतीजे को टक्कर लग गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ता देख ताहिर का भांजा वली मोहम्मद बीच-बचाव करने पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान साहिल और अन्य लोगों ने वली मोहम्मद पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
मृतक के मामा ताहिर के मुताबिक, वली मोहम्मद करीब चार साल बाद उनके घर आया था। आरोप है कि हमले के दौरान उसके सिर पर लगातार लोहे की रॉड से वार किए गए। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना में वली मोहम्मद का भाई तैय्यब भी घायल हो गया। उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
गांव में चलाता था अखाड़ा, दो बच्चों का पिता था वली
वली मोहम्मद शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। वह पेशे से बाउंसर था। इसके अलावा, उसे कुश्ती का भी काफी शौक था। वह अपने गांव में एक अखाड़ा चलाता था, जहां बच्चों को कुश्ती सिखाता था। आसपास के इलाकों में होने वाले दंगलों में भी वह हिस्सा लेता था।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वारदात से जुड़े सीसीटीवी वीडियो और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
