8th Pay Commission: केंद्र सरकार के करीब 50 लाख कर्मचारियों और 69 लाख पेंशनधारकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने औपचारिक रूप से 8वें केंद्रीय वेतन आयोग (8th Central Pay Commission) के टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही वेतन और पेंशन में अगली बड़ी संशोधन प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। इस आयोग की अध्यक्षता पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई करेंगी और यह आयोग अपनी रिपोर्ट 18 महीनों के भीतर सरकार को सौंपेगा। आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से लागू होने की संभावना है। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि कार्यान्वयन की सटीक तारीख अंतरिम रिपोर्ट आने के बाद तय की जाएगी, लेकिन अधिकतर संभावना है कि यह 1 जनवरी 2026 से ही लागू होगी। यह घोषणा बिहार विधानसभा चुनाव (6 और 11 नवंबर) से ठीक पहले हुई है, जिससे यह निर्णय और भी चर्चाओं में है, क्योंकि इसका सीधा असर करोड़ों कर्मचारियों और पेंशनर्स पर पड़ेगा।
टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) क्या है?
ToR यानी Terms of Reference को आप आयोग का नियम-पुस्तक या कार्य-निर्देश कह सकते हैं। यह तय करता है कि आयोग को कौन-कौन से मुद्दों पर काम करना है, किन पहलुओं पर विचार करना है और कितनी समय सीमा में अपनी रिपोर्ट देनी है। 8वें वेतन आयोग के लिए ToR को केंद्र सरकार ने विभिन्न मंत्रालयों, राज्य सरकारों और कर्मचारी यूनियनों से परामर्श के बाद तैयार किया है।
8वां वेतन आयोग किन मुद्दों पर ध्यान देगा?
- देश की आर्थिक स्थिति और राजकोषीय अनुशासन (Fiscal Discipline) की आवश्यकता।
- यह सुनिश्चित करना कि सरकार के पास कल्याणकारी और विकास कार्यक्रमों के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध रहे।
- गैर-अंशदायी पेंशन योजनाओं (Non-contributory Pension Schemes) की लागत का आकलन।
- राज्य सरकारों पर वित्तीय असर, क्योंकि अधिकतर राज्य केंद्र के वेतन आयोग की सिफारिशों का पालन करते हैं।
- केंद्र सरकार के कर्मचारियों के वेतन और कार्य परिस्थितियों की तुलना सार्वजनिक क्षेत्र (PSU) और निजी क्षेत्र से करना।
- कुल मिलाकर, आयोग का उद्देश्य कर्मचारियों को उचित वेतन देना और साथ ही सरकार की वित्तीय जिम्मेदारी (Fiscal Responsibility) बनाए रखना है।
आयोग में कौन-कौन शामिल हैं?
- अध्यक्ष – पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई
- सदस्य (पार्ट-टाइम) – भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) बेंगलुरु के प्रोफेसर पुलक घोष
- सदस्य सचिव – पेट्रोलियम सचिव पंकज जैन
जस्टिस देसाई वर्तमान में भारतीय प्रेस परिषद (Press Council of India) की अध्यक्ष हैं और इससे पहले उन्होंने जम्मू-कश्मीर परिसीमन आयोग तथा उत्तराखंड समान नागरिक संहिता समिति (UCC) की भी अध्यक्षता की है।
समय-सीमा और आगे क्या अपेक्षित है?
अगर सामान्य प्रक्रिया का पालन किया गया तो आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से लागू होंगी। यह वही 10 वर्षीय चक्र है जो पहले से चला आ रहा है। 7वां वेतन आयोग 2014 में गठित हुआ था और उसकी सिफारिशें 1 जनवरी 2016 से लागू हुई थीं। तब तक, कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (DA) में हर छह महीने होने वाली बढ़ोतरी मिलती रहेगी।
8वां वेतन आयोग आने से कर्मचारियों और पेंशनधारकों को क्या फायदा?
वेतन में बढ़ोतरी, भत्तों (Allowances) का पुनरीक्षण, पेंशन और अन्य लाभों में सुधार की उम्मीद है। इसके साथ ही, राज्य सरकारें भी आम तौर पर केंद्र की सिफारिशों को अपनाती हैं, जिससे देशभर में वेतनमान बढ़ने की संभावना रहती है। हालांकि वेतन में कितने प्रतिशत बढ़ोतरी होगी, यह आयोग की रिपोर्ट आने के बाद ही तय होगा लेकिन ToR की मंजूरी से यह स्पष्ट है कि प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है।
