शहर

Meerut News: बारिश के दौरान गिरा जर्जर मकान का हिस्सा, CCTV में दिखा डरावना हादसा

Meerut Building Collapse News: मेरठ में बारिश के दौरान जर्जर मकान का एक बड़ा हिस्सा अचानक सड़क किनारे खड़ी कारों पर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।

Meerut Building Collapse News: दिल्ली के सत्य निकेत में बिल्डिंग गिरने की घटना को अभी 24 घंटे भी नहीं हुए हैं, जिसमें 6 लोगों की मौत हो चुकी है। अब मेरठ में भी एक जर्जर मकान का बड़ा हिस्सा गिरने की घटना सामने आई है। बारिश के दौरान मेरठ में एक जर्जर मकान का बड़ा हिस्सा अचानक ढहकर सड़क किनारे खड़ी कारों पर गर गया। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय सड़क पर लोगों की आवाजाही हो रही थी। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

जानकारी के मुताबिक मेरठ में शारदा रोड पर हुए इस हादसे में दिल्ली के व्यापारी नीमेष गुप्ता की कार मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। यहां राहत की बात यह है कि हादसे के समय कार में कोई मौजूद नहीं था। इस हादसे की एक CCTV Footage भी सामने आई है।

CCTV Footage में साफ दिखाई दे रहा है कि कमान का हिस्सा गिरने से कुछ ही सेकंड पहले एक व्यक्ति वहां से चंद कदम ही आगे निकला था। इसके कुछ ही सेकंड बाद दिवार और मलबा आकर वहां खड़ी गाड़ियों पर गिर गया। देखा जा सकता है कि अगर वह व्यक्ति को कुछ और क्षण की देरी होती तो उसे नुकसान पहुंच सकता था। यही नहीं उससे कुछ ही सेकेंड पहले वहां एक कार खड़ी थी, जिसमें से लोग उतरे और एक अन्य बिल्डिंग में गए, जबकि कार आगे बढ़ गई।

इस हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जेसीबी की मदद से सड़क पर पड़े मलबे को हटाया गया। बताया गया है कि यह मकान दिल्ली चुंगी निवासी सोहन लाल गोयल का है। मकान की जर्जर स्थिति को देखते हुए उसे पहले ही खाली करा लिया गया था।

इधर मकान मालिक का आरोप है कि सीएम ग्रिड योजना के तहत नाला निर्माण के दौरान मकान की नींव के बहुत करीब खुदाई की गई थी। उनका दावा है कि इसके बाद मकान की दीवारों में दरारें बढ़ती चली गईं। मकान मालिक के मुताबिक, उन्होंने पहले ही डीएम, SSP और नगर निगम को चिट्ठी भेजकर हादसे की आशंका जताई थी तथा मुआवजे की मांग भी की थी।

मकान मालिक का यह भी आरोप है कि मकान के ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद दुकान पर किरायेदार का कब्जा होने के कारण वह जर्जर इमारत को स्वयं ध्वस्त नहीं करा पा रहे थे। फिलहाल, बारिश के दौरान जर्जर मकान का हिस्सा गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हुई है। हादसे के समय किसी के मौजूद नहीं होने के कारण यहां बड़ा हादसा होने से टल गया।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article