नौकरी में रहते पैसे की कमी नहीं होती है क्योंकि हर महीने सैलरी आती है। लेकिन रिटायरमेंट के बाद यह रेगुलर इनकम रुक जाती है। इसलिए नौकरी में रहते रिटायरमेंट के बाद रेगुलर इनकम के लिए निवेश करना बहुत जरूरी है। अब बड़ा सवाल यह है कि रिटायरमेंट के लिए PPF, एफडी, NPS या पोस्ट ऑफिस की सेविंग स्कीम में कहां करें निवेश? अगर आप भी इस सवाल का जवाब ढूंढ रहे हैं तो चलिए इसका जवाब देते हैं।
महंगाई के असर को न करें नजरअंदाज
मान लीजिए आपके परिवार का मौजूदा मासिक खर्च ₹50,000 है। अगर महंगाई औसतन 6% सालाना रहती है, तो 20 साल बाद यही खर्च करीब ₹1.60 लाख और 25 साल बाद करीब ₹2.15 लाख हो सकता है। यानी रिटायरमेंट फंड का लक्ष्य तय करते समय सिर्फ यह सोचना पर्याप्त नहीं है कि आपको ₹1 करोड़ या ₹2 करोड़ चाहिए। यह भी देखना होगा कि रिटायरमेंट के समय आपकी जीवनशैली और मासिक खर्च कितने होंगे।
PPF में निवेश
PPF पर अभी 7.1% सालाना ब्याज मिल रहा है, जो पूरी तरह टैक्स-फ्री (EEE) है। इसमें 15 साल का लॉक-इन होता है और सालाना अधिकतम ₹1.5 लाख ही जमा किए जा सकते हैं।
फायदा: सुरक्षित और अनुशासित लंबी अवधि की फिक्स्ड-इनकम बचत।
सीमा: अगर आप 30 साल तक हर साल अधिकतम ₹1.5 लाख जमा करते हैं, तो 7.1% की दर से अनुमानित कॉर्पस ₹1.55 करोड़ बनेगा। हालांकि, 30 साल बाद इस राशि की असली क्रय शक्ति महंगाई के कारण काफी कम होगी।
2. Bank FD में निवेश
बैंक FD में 1 से 5 साल के लिए 6.00% से 6.75% तक ब्याज मिल रहा है।
फायदा: तय समय के लिए गारंटीड रिटर्न और बाजार के उतार-चढ़ाव से सुरक्षा।
सीमा: 20-25 साल लंबे रिटायरमेंट के लिए FD पर पूरी तरह निर्भर रहना जोखिम भरा है। हर 5 साल बाद रिन्यूअल के समय ब्याज दरें कम हो सकती हैं (Re-investment Risk)। साथ ही, FD का ब्याज टैक्सेबल होता है, जिससे नेट रिटर्न महंगाई दर को मात नहीं दे पाता।
3. NPS में निवेश
NPS एक प्योर रिटायरमेंट प्रोडक्ट है जो इक्विटी (शेयर बाजार) और डेट में निवेश का विकल्प देता है। PFRDA के नियमानुसार, मैच्योरिटी पर आप 80% तक राशि एकमुश्त (Lump sum) निकाल सकते हैं, जबकि कम से कम 20% हिस्सा एन्युइटी (Annuity/मासिक पेंशन) में डालना अनिवार्य है।
फायदा: लंबी अवधि (20-30 साल) में इक्विटी एक्सपोजर के कारण यह महंगाई को पछाड़ने वाला सबसे बेहतर रिटर्न दे सकता है।
सीमा: इसमें रिटर्न की गारंटी नहीं होती और बाजार जोखिम शामिल रहता है।
4. Post Office की स्कीम में निवेश
पोस्ट ऑफिस किसी एक प्रोडक्ट का नाम नहीं है, बल्कि यह अलग-अलग जरूरतों के लिए स्कीमों का गुलदस्ता है:
SCSS (Senior Citizen Savings Scheme - 8.2%): सीनियर सिटीजंस के लिए बेस्ट।
MIS (Monthly Income Scheme - 7.4%): नियमित मासिक आय के लिए।
NSC (7.7%) & KVP (7.5%): निश्चित अवधि की सुरक्षित बचत के लिए।
PPF लंबे समय की सुरक्षित बचत के लिए लोकप्रिय विकल्प है। वर्तमान में इसकी ब्याज दर 7.1% है।
सिर्फ ब्याज देखकर नहीं करें निवेश
रिटायरमेंट प्लान को चार हिस्सों में देखना ज्यादा उपयोगी है—ग्रोथ, सुरक्षा, इनकम और लिक्विडिटी। NPS ग्रोथ के लिए, PPF सुरक्षा और अनुशासित बचत के लिए, FD तय अवधि के रिटर्न और लिक्विडिटी के लिए और Post Office की चुनिंदा योजनाएं नियमित आय या सुरक्षित बचत के लिए इस्तेमाल की जा सकती हैं। इसलिए PPF, FD, NPS या Post Office में किसी एक को “सबसे अच्छा” कहना सही नहीं होगा। सही विकल्प आपकी उम्र, रिटायरमेंट तक बचा समय, मौजूदा बचत, जोखिम लेने की क्षमता और भविष्य के खर्च पर निर्भर करता है।
याद रखें, रिटायरमेंट के लिए सबसे सुरक्षित रणनीति वह नहीं है जिसमें सबसे ज्यादा ब्याज दिख रहा हो, बल्कि वह है जो पर्याप्त कॉर्पस बनाए, महंगाई को मात देने की कोशिश करे और रिटायरमेंट के बाद लंबे समय तक आय का इंतजाम कर सके।
उम्र के अनुसार कैसे बनाएं रणनीति
25 की उम्र में: रिटायरमेंट में 30-35 साल बाकी हैं। यहां सबसे बड़ा जोखिम बाजार का उतार-चढ़ाव नहीं, बल्कि कम रिटर्न है। पोर्टफोलियो का बड़ा हिस्सा NPS (इक्विटी) में लगाएं ताकि कम्पाउडिंग का फायदा मिले। फिक्स्ड पोर्शन के लिए PPF का इस्तेमाल करें।
40 की उम्र में: बच्चों की पढ़ाई और होम लोन जैसे खर्च बढ़ जाते हैं। यहां NPS और PPF के संतुलन के साथ-साथ आपातकालीन जरूरतों के लिए FD में लिक्विडिटी बनाए रखें।
55+ की उम्र में: अब लक्ष्य पैसे को बढ़ाना नहीं, बल्कि सुरक्षित रखना और पेंशन पाना है। जमा पूंजी को SCSS, Post Office MIS, FD और NPS एन्युइटी में लगाएं ताकि नौकरी छूटने के बाद भी हर महीने तय आय आती रहे।
