Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 6-December-2025: बिहार में सर्दी ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले कुछ दिनों तक ठिठुरन बढ़ने वाली है। पछुआ हवाओं की तेज रफ्तार के कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है। कई जिलों में घना कोहरा भी छाने लगा है, जो आने वाले दिनों में और घना हो सकता है।
कैसा रहा कल का मौसम
बीते एक दिन में बिहार का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा, लेकिन तापमान में गिरावट ने सर्दी को और तेज कर दिया। अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान नीचे आए हैं। मोतिहारी 28.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि औरंगाबाद में पारा 7.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे यहां भीषण ठंड का अहसास हुआ।
आज बिहार का मौसम कैसा रहेगा
6 दिसंबर को राज्य भर में 10-15 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान और नीचे जा सकता है। अधिकतर जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। कई क्षेत्रों में हल्की धूप जरूर निकलेगी, लेकिन हवाओं की तीव्रता के कारण ठंड का असर कम नहीं होगा।
अगला हफ्ता रहेगा बेहद ठंडा
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक रात और सुबह के घंटे बेहद ठंडे रहेंगे। पूर्वी बांग्लादेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है और अरब सागर से बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय है, लेकिन बिहार में बारिश की संभावना नहीं है।
कई जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति
शुक्रवार शाम से बिहार के मौसम में अचानक बदलाव देखा गया। तेज हवाओं ने राजधानी पटना सहित कई जिलों में ठिठुरन बढ़ा दी। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि पटना, गया, भोजपुर, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद व अरवल जैसे जिलों में शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं।
