देश

हिंदू कुश हिमालय क्षेत्र पर 'अल नीनो' का बड़ा खतरा; बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन की चेतावनी

रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि एक तरफ जहां पश्चिमी हिमालय में भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन का डर है, वहीं दूसरी तरफ इस क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सूखा पड़ने से जंगल की आग का खतरा भी बढ़ जाएगा।

Image

AI Nino का खतरा बढ़ा (AI Image)

El Nino May Trigger Floods: इस साल सर्दियों के मौसम में मजबूत 'अल नीनो' (El Nino) के प्रभाव से हिंदू कुश हिमालय (HKH) क्षेत्र में सामान्य से अधिक बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। एक ताजा वैज्ञानिक रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि इस मौसमी बदलाव के कारण नेपाल, भारत और आसपास के पहाड़ी इलाकों में बाढ़, भूस्खलन (लैंडस्लाइड) और हिमस्खलन का खतरा काफी बढ़ सकता है।

काठमांडू स्थित इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड माउंटेन डेवलपमेंट (ICIMOD), बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी और चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज के वायुमंडलीय भौतिकी संस्थान द्वारा संयुक्त रूप से 'हिंदू कुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026' रिपोर्ट तैयार की गई है। इस रिपोर्ट में नेपाल, अफगानिस्तान और बांग्लादेश सहित कई हिस्सों में सामान्य से अधिक नमी और बारिश का अनुमान जताया गया है।

1950 के बाद सबसे शक्तिशाली अल नीनो की आशंका

यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी एजेंसी 'नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन' (NOAA) ने एक बेहद शक्तिशाली अल नीनो की भविष्यवाणी की है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, इसके 1950 में रिकॉर्ड दर्ज किए जाने के बाद से अब तक का सबसे मजबूत अल नीनो बनने की करीब 60 प्रतिशत संभावना है। ICIMOD के वैज्ञानिकों का कहना है कि इसके असर से हिमालय की तलहटी में भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में अत्यधिक बर्फबारी देखने को मिल सकती है।

कहीं भारी बर्फबारी, तो कुछ हिस्सों में सूखे का संकट

रिपोर्ट के अनुसार, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, उत्तरी भारत और नेपाल के कई हिस्सों में सामान्य से ज्यादा गहरी बर्फ जमने की संभावना है, जबकि भूटान और चीन के पूर्वी तिब्बत (शिज़ांग) क्षेत्र में बर्फबारी कम रहने का अनुमान है। वैज्ञानिकों ने आगाह किया है कि बर्फ की गहराई नदियों के प्रवाह और पानी की उपलब्धता तय करने में अहम भूमिका निभाती है। कम बर्फबारी वाले इलाकों में अगले साल सिंचाई, जलविद्युत उत्पादन और प्राकृतिक झरनों के पानी पर बुरा असर पड़ सकता है।

जंगल की आग का भी दोहरा खतरा

रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि एक तरफ जहां पश्चिमी हिमालय में भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन का डर है, वहीं दूसरी तरफ इस क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सूखा पड़ने से जंगल की आग का खतरा भी बढ़ जाएगा। खासतौर पर दक्षिण-पूर्वी तिब्बत और म्यांमार के कुछ हिस्सों में सूखी घास और वनस्पतियों के कारण जंगलों में भीषण आग लगने की प्रबल आशंका जताई गई है।

मानसून की तबाही से अभी उबरा भी नहीं है नेपाल

गौरतलब है कि यह रिपोर्ट नेपाल और भूटान में बेहद विनाशकारी मानसून सीजन के ठीक बाद आई है। इसी साल अगस्त में नेपाल में आई भयावह 'भोटेकोशी बाढ़' ने भारी तबाही मचाई थी, जिसमें कम से कम 1,500 लोगों की जान चली गई थी और 5,000 से अधिक लोग लापता हो गए थे। इस आपदा से नेपाल को राहत और पुनर्निर्माण कार्यों में लगभग 4.7 बिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 39 हजार करोड़ रुपये) का भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

ICIMOD के जल विज्ञानी (हाइड्रोलॉजिस्ट) मनीष श्रेष्ठ ने कहा, आपदा से निपटने की तैयारी केवल मानसून तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। बारिश का पैटर्न लगातार अनियमित और तीव्र होता जा रहा है, इसलिए स्थानीय प्रशासन को मौसमी पूर्वानुमानों के आधार पर पहले से ठोस योजना बनानी होगी। बता दें कि इस रिपोर्ट के निष्कर्षों पर चर्चा करने के लिए 25 से 27 नवंबर तक काठमांडू में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भी आयोजित किया जा रहा है। (PTI)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article