शहर

बिहार का मौसम (26 Jan 2026) Bihar Weather Today: बिहार में मौसम का यू-टर्न, धूप के बाद कोहरा और बारिश के आसार

बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 26 Jan 2026: बिहार में कड़ाके की ठंड से मिली राहत अब ज्यादा दिनों तक टिकती नहीं दिख रही है। मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। सुबह के समय कोहरा, ठंडी हवाएं और घटती विजिबिलिटी लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार जल्द ही कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना है। आइए जानते हैं बिहार के मौसम का हाल।

Image

बिहार में बारिश के दिख रहे आसार

Photo : Times Now Digital

बिहार में आज का मौसम (26 Jan 2026): ठंड के लंबे दौर के बाद बिहार में पिछले कुछ दिनों से मौसम काफी सुहावना बना हुआ था। दिन में तेज धूप और सामान्य तापमान के कारण लोगों को ठंड से राहत मिल रही थी। लेकिन अब यह राहत ज्यादा दिन टिकती नहीं दिख रही। राज्य में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है और ठंडी हवाओं ने सुबह-शाम फिर से ठिठुरन बढ़ा दी है।

सुबह कोहरा, विजिबिलिटी घटी

सोमवार की सुबह पश्चिमी चंपारण, बगहा, गोपालगंज समेत कई जिलों में घना कोहरा देखने को मिला। कुछ इलाकों में दृश्यता 100 मीटर के आसपास दर्ज की गई, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा। बीते 24 घंटे में भागलपुर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक-दो दिनों तक सुबह और देर शाम मध्यम से घना कोहरा बना रह सकता है।

28 जनवरी से बारिश की संभावना, येलो अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 28 जनवरी से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी और उत्तर बिहार के करीब 25 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी और शिवहर में गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पटना समेत कई जिलों में कैसा रहेगा आगे का हाल

राजधानी पटना में फिलहाल मौसम सामान्य बना हुआ है। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है। दिन में धूप निकलने से ठंड का असर कम महसूस हो रहा है, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन इसके बाद बादलों और बारिश का असर यहां भी दिख सकता है।

आने वाले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, हालांकि न्यूनतम तापमान में पहले 2-4 डिग्री की गिरावट और फिर धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं।

जनवरी के आखिरी हफ्ते में मिला-जुला मौसम

कुल मिलाकर जनवरी के अंतिम सप्ताह में बिहार का मौसम मिला-जुला रहने की संभावना है। कहीं धूप राहत देगी तो कहीं कोहरा और बारिश परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बदलते मौसम को देखते हुए सावधानी बरतें, खासकर सुबह और रात के समय यात्रा करते वक्त सतर्क रहें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article