shooting at Ohio baby shower- अमेरिका के ओहियो राज्य में एक बेबी शावर (गोद भराई) कार्यक्रम के दौरान हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर इसे आपसी घरेलू विवाद से जुड़ा मामला बताया है। पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह घटना शनिवार शाम को क्लीवलैंड शहर से लगभग 16 किलोमीटर (10 मील) दक्षिण में स्थित पारमा (Parma) के 'पेंडोरा मैजिकल इवेंट्स वेन्यू' (Pandora’s Magical Events Venue) में हुई। कार्यक्रम के दौरान अचानक विवाद बढ़ गया और गोलीबारी शुरू हो गई।
एक संदिग्ध हमलावर की भी मौत, दूसरा हिरासत में
पीटीआई के मुताबिक, पुलिस प्रवक्ता स्कॉट ट्रैक्सलर ने बताया कि गोलीबारी करने वाले संदिग्धों में से एक 29 वर्षीय युवक को घटनास्थल से हिरासत में ले लिया गया है, हालांकि उस पर तत्काल कोई आरोप तय नहीं किया गया है। जासूस इस बात की जांच कर रहे हैं कि हिरासत में लिया गया युवक हमलावर था या उसने आत्मरक्षा (सेल्फ-डिफेंस) में गोली चलाई थी। पुलिस के मुताबिक, इस गोलीबारी में शामिल एक दूसरा 19 वर्षीय संदिग्ध हमलावर उन तीन लोगों में शामिल है, जिनकी इस घटना में मौत हुई है।
मृतकों की हुई पहचान
अधिकारियों ने मृतकों में से दो की पहचान 17 वर्षीय लीसिया इंग्लैंड र 45 वर्षीय जेसन टाउनसेंड के रूप में की है। पुलिस ने बताया कि मृतक जेसन टाउनसेंड उस महिला के पिता थे, जिसके लिए यह बेबी शावर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। राहत की बात यह है कि इस घटना में गर्भवती महिला को कोई चोट नहीं आई है और वह सुरक्षित है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से सबूत जुटा रही है और वहां मौजूद चश्मदीदों से पूछताछ कर पूरे मामले की तहकीकात कर रही है।
अमेरिका में पारिवारिक समारोहों में बढ़ता गन कल्चर का खतरा
अमेरिका में बंदूक हिंसा (गन वायलेंस) एक गंभीर समस्या बनी हुई है, जहां अब जन्मदिन, शादी और बेबी शावर जैसे निजी पारिवारिक समारोह भी सुरक्षित नहीं रहे हैं। 'गन वायलेंस आर्काइव' के आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका में हर साल सामूहिक गोलीबारी (मास शूटिंग) की सैकड़ों घटनाएं दर्ज की जाती हैं। इससे पहले भी टेक्सास, अलबामा और कैलिफोर्निया जैसे राज्यों में बर्थडे पार्टी और पारिवारिक आयोजनों के दौरान हुई फायरिंग में कई बेगुनाह लोगों की जान जा चुकी है। पारमा जैसी घटनाएं एक बार फिर अमेरिका में सख्त गन कंट्रोल कानून लागू करने की बहस को तेज कर रही हैं। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से फॉरेंसिक सबूत जुटा रही है और वहां मौजूद चश्मदीदों के बयान दर्ज कर पूरे मामले की तहकीकात कर रही है।
