शहर

बिहार का मौसम (27 Jan 2026) Bihar Weather Today: सावधान! बिहार के इन 5 जिलों में गिर सकती है बिजली, 25 जिलों में बारिश का अलर्ट; फिर लुढ़केगा पारा

बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 27 Jan 2026: जनवरी के आखिरी सप्ताह में बिहार का मौसम एक बार फिर लोगों को चौंकाने वाला है। बीते दिनों तेज धूप के कारण ठंड और कोहरे से कुछ राहत जरूर मिली थी, लेकिन अब यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। IMD के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में कोहरा लौटेगा और कुछ इलाकों में बारिश भी हो सकती है। आइए जानते हैं बिहार के मौसम का हाल।

Image

बिहार में बारिश के दिख रहे आसार

Photo : Times Now Digital

बिहार में आज का मौसम (27 Jan 2026): बिहार में पिछले कुछ दिनों से खिल रही सुनहरी धूप ने लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत दी थी, लेकिन जनवरी का आखिरी हफ्ता एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। राज्य में एक बार फिर कोहरे की वापसी होने जा रही है और साथ ही बारिश की बूंदें ठंड का एहसास बढ़ाने वाली हैं।

28 जनवरी से बारिश के आसार

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 28 और 29 जनवरी को बिहार में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से राज्य के 25 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी और शिवहर जैसे जिलों में स्थिति अधिक गंभीर रह सकती है। यहां बारिश के साथ-साथ मेघगर्जन, बिजली गिरने (वज्रपात) और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है, जिसके लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।

कोहरा फिर बढ़ाएगा मुश्किलें

बारिश के बाद 29 से 31 जनवरी के बीच घना कोहरा एक बार फिर परेशानी का कारण बन सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर बिहार के कई जिलों में दृश्यता काफी कम हो सकती है। सुबह और देर रात को कोहरे का असर ज्यादा रहेगा, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।

30 जनवरी को 19 जिलों में घना कोहरा

30 जनवरी को पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, समस्तीपुर, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार समेत उत्तर बिहार के 19 जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। अन्य जिलों में हल्का कुहासा रह सकता है। कई इलाकों में विजिबिलिटी घटकर 100 मीटर तक रह सकती है।

तापमान में उतार-चढ़ाव, बढ़ेगी ठंड

बारिश और कोहरे के चलते अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे रात में ठंड का असर और बढ़ेगा। हालांकि दिन के समय धूप निकलने पर कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे फिर बढ़ोतरी हो सकती है। पिछले 24 घंटों में बगहा 8.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा। वहीं भागलपुर में सुबह घना कोहरा छाया रहा, जबकि बेगूसराय में हल्का कोहरा देखा गया।

सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने बिजली चमकने और बारिश के दौरान लोगों को खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे न रुकने की सलाह दी है। किसानों को भी अपनी फसलों का ध्यान रखने को कहा गया है, क्योंकि तेज हवाएं और बारिश तैयार सब्जियों या फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article