ऑटो न्यूज़

बारिश के दिनों में Car के अंदर क्यों आने लगती है अजीब-सी बदबू? जानिए इसके कारण

बारिश के दिनों क्या आपको भी आपकी कार के अंदर एक अजीब-सी बदबू महसूस होती है। अगर हां तो आपको इसके कारण जरूर जानने चाहिए, ताकि समय रहते इस परेशानी को दूर किया जा सके।

Image

बारिश में कार के अंदर क्यों आती है बदबू (AI Generated Image)

बारिश का मौसम कार मालिकों के लिए कई तरह की परेशानियां लेकर आता है। बारिश के समय अक्सर कार के अंदर से एक अजीब सी बदबू (Musty Car Smell) आने लगती है। कई बार कार के दरवाजे और खिड़कियां बंद होने के बावजूद अंदर से सीलन, गीले कपड़े या फंगस जैसी गंध आने लगती है। कुछ मामलों में एसी चालू करते ही यह बदबू और ज्यादा महसूस होती है। अगर आपकी कार में भी बारिश के दिनों में इस तरह की परेशानी आ रही है तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। आइए जानते हैं कि आखिर बारिश में कार के अंदर बदबू क्यों बढ़ जाती है-

कार के अंदर नमी जमा होना

बारिश के मौसम में वातावरण में नमी बढ़ जाती है। कार की खिड़कियां और दरवाजे लंबे समय तक बंद रहने पर यह नमी केबिन में भी बनी रह सकती है। अगर कार के अंदर पहले से थोड़ी नमी मौजूद है तो बंद वातावरण के कारण वह आसानी से बाहर नहीं निकलती। इससे धीरे-धीरे कार के अंदर सीलन जैसी बदबू आने लगती है।

गीले मैट और कारपेट

बारिश में कार में बैठते समय जूते और कपड़े गीले हो सकते हैं। उनके साथ पानी और मिट्टी कार के मैट पर भी आ जाती है। अगर मैट को समय पर सुखाया न जाए, तो उसके नीचे नमी जमा हो सकती है। लंबे समय तक गीले रहने पर मैट और कारपेट में बैक्टीरिया और फंगस पनप सकते हैं, जिससे कार के अंदर लगातार बदबू आने लगती है।

AC केबिन फिल्टर का गंदा होना

कार के अंदर साफ हवा पहुंचाने में केबिन एयर फिल्टर की अहम भूमिका होती है। समय के साथ इसमें धूल, मिट्टी और पत्तियां जमा हो सकती हैं। बारिश के मौसम में नमी के कारण गंदा फिल्टर बदबू का कारण बन सकता है। एसी चालू करते ही अगर गंध ज्यादा महसूस हो तो फिल्टर की जांच करवाना जरूरी है।

AC सिस्टम में नमी

बारिश के दौरान AC सिस्टम में भी नमी बनी रह सकती है। अगर एसी का ड्रेन ठीक तरह से काम नहीं कर रहा है और पानी बाहर नहीं निकल रहा, तो बदबू के साथ केबिन में नमी भी बढ़ सकती है। ऐसी स्थिति में कार को सर्विस सेंटर पर दिखाना बेहतर है।

कार में खाना या कचरा छोड़ना

कई बार बदबू की वजह बारिश नहीं, बल्कि कार के अंदर पड़ा पुराना खाना या कचरा होता है। सीट के नीचे रखा खाने का पैकेट, फल के छिलके या गिरे हुए खाने के टुकड़े कुछ समय बाद तेज गंध पैदा कर सकते हैं। बारिश में खिड़कियां बंद रहने से यह गंध और ज्यादा महसूस होती है।

दरवाजे या खिड़की से पानी आना

डोर रबर बीडिंग, विंडो सील या किसी दूसरी जगह से पानी अंदर आने पर कारपेट के नीचे नमी जमा हो सकती है। अगर बारिश के बाद भी सीलन की गंध बनी रहती है, तो पानी के लीकेज की जांच करवानी चाहिए।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article