दुनिया

फ्रांस में कर्फ्यू और प्रदर्शनों के बीच भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी, प्रदर्शन स्थलों से दूर रहने की सलाह, हेल्पलाइन नंबर जारी

France Protest: फ्रांस में हिंसक प्रदर्शनों के बीच भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। दूतावास ने फ्रांस में रह रहे भारतीयों को सतर्क रहने और एहतियात बरतने की सलाह दी।

Image

फ्रांस में विरोध प्रदर्शनों का दौर जारी

Photo : AP

France Protest: फ्रांस में हिंसक प्रदर्शनों के बीच भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। दूतावास ने फ्रांस में रह रहे भारतीयों और वहां की यात्रा करने की योजना बना रहे लोगों को सतर्क रहने और एहतियात बरतने की सलाह दी।

'भीड़भाड़ वाली जगहों से रहें दूर'

पेरिस स्थित भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी कर भारतीयों को सतर्क रहने की सलाह दी। एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों से कहा गया कि वह उन इलाकों में जाने से बचें, जहां विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। साथ ही, बड़ी सभाओं और भीड़भाड़ वाली जगहों से दूर रहने की सलाह दी गई।

एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों को फ्रांस के स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी किए गए निर्देशों और सुरक्षा संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की गई।

भारतीय नागरिकों को लोकल न्यूज के जरिए स्थिति पर नजर रखने और आधिकारिक अपडेट के लिए gouvernement.fr फॉलो करने की सलाह दी गई। इसके अलावा, सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में रुकावटों की जानकारी के लिए https://ratp.fr चेक करने को कहा गया।

हेल्पलाइन नंबर जारी

दूतावास ने किसी भी आपात स्थिति में फंसे भारतीयों नागरिकों की तत्काल मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए। एडवाइजरी के मुताबिक, फ्रांस में रह रहे भारतीय नागरिक पेरिस स्थित दूतावास या मार्सिले स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास से संपर्क कर सकते हैं।

भारतीय दूतावास, पेरिस: +33 6 48 34 00 63

ईमेल: cons.paris@mea.gov.in

भारत का महावाणिज्य दूतावास, मार्सिले: +33 7 43 16 25 59

ईमेल: cgo.marseille@mea.gov.in

पेरिस में लौट रही शांति

सनद रहे कि फ्रांस में बीते सप्ताहांत विरोध-प्रदर्शनों के दौरान तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी की घटनाओं के बाद कई शहरों में लागू कर्फ्यू के बीच मंगलवार को राजधानी पेरिस में शांति लौट आई।

अबतक कितने लोगों को किया गया गिरफ्तार

फ्रांस के विभिन्न शहरों में शनिवार को प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के साथ झड़प की, कारों में आग लगा दी, सार्वजनिक इमारतों में तोड़फोड़ और दुकानों में लूटपाट की और एक ऐतिहासिक सिटी हॉल को आग के हवाले कर दिया। बढ़ती महंगाई और स्कूलों की खराब हालत के खिलाफ हुए राष्ट्रव्यापी विरोध-प्रदर्शनों के बाद कम से कम 2,400 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article